
Lakhimpur में भीषण सड़क हादसा, ट्रक में घुसी मैजिक वैन; 9 सवारियों की मौत
Lakhimpur Accident News: लखीमपुर खीरी में सोमवार सुबह 7.30 बजे सड़क हादसे में 9 लोगों की मौत हो गई। यहां एक तेज रफ्तार ट्रक ने सामने से आ रहे मैजिक वाहन को टक्कर मार दी।
Lakhimpur Accident News: पीलीभीत-बस्ती राष्ट्रीय राजमार्ग पर सोमवार सुबह सिसैया के पास एक तेज रफ्तार ट्रक और सवारियों से भरी टाटा मैजिक की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि मैजिक के परखच्चे उड़ गए। दुर्घटना में 9 लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार टाटा मैजिक में 12 सवारियां थीं, जो लखीमपुर से ईसानगर की ओर जा रही थीं। इसी दौरान सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक से उसकी सीधी टक्कर हो गई। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गयी है। सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान चलाया जा रहा है। बता दें कि कई लोग सीट के नीचे फंस गए हैं।
मैजिक में सभी मजदूर सवार थे
जानकारी के मुताबिक मैजिक में सभी मजदूर सवार थे जो लखीमपुर से मजदूरी करके वापस गांव नानपारा जा रहे थे. इससे पहले पीलीभीत-बस्ती हाइवे पर अद्लीसपुर गांव के पास हादसा हो गया. पुलिस मृतकों की पहचान करने में जुटी है. जबकि शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेजा गया है.
सीएम योगी ने लिया संज्ञान
सीएम योगी आदित्यनाथ ने लखीमपुर हादसे पर दुःख जताया है और डीएम एसपी को तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव के निर्देश दिए हैं. उन्होंने निर्देश दिए कि घायलों को बेहतर से बेहतर उपचार मिले. इसके अलावा उन्होंने दुर्घटना में हताहत परिवारों को हर संभव मदद का आश्वासन दिया.
जनपद लखीमपुर खीरी में दुर्भाग्यपूर्ण सड़क दुर्घटना में हुई जनहानि अत्यंत दुःखद एवं हृदय विदारक है।
मेरी संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ हैं।
स्थानीय प्रशासन को घायलों व पीड़ितों को त्वरित व समुचित सहायता उपलब्ध कराने हेतु निर्देश दिए हैं।
प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि…
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) May 18, 2026
उधर घटनास्थल पर अभी भी अफरा-तफरी का माहौल है, पुलिस ने सड़क यातायात शुरू करवा दिया है. जबकि आरोपी ट्रक चालक का कुछ पता नहीं चल सका है.पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया और जल्द गिरफ्तारी का दावा है.
ये भी पढ़े- UP News: तस्करी सिंडिकेट का बड़ा खुलासा, चारबाग रेलवे स्टेशन पर मिली विदेशी सिगरेट





