
GT vs CSK: गिल-सुदर्शन के तूफान में उड़ी चेन्नई सुपर किंग्स, प्लेऑफ से बाहर CSK
IPL 2026 GT vs CSK: अहमदाबाद में गुजरात टाइटन्स ने चेन्नई सुपर किंग्स को 89 रनों से करारी शिकस्त देकर प्लेऑफ की रेस से बाहर कर दिया है। अब गुजरात टॉप-2 की रेस में मजबूत हो गई है।
IPL 2026 GT vs CSK: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL 2026) के लीग स्टेज के एक बेहद महत्वपूर्ण मुकाबले में गुजरात टाइटन्स (GT) ने चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) को 89 रनों के विशाल अंतर से हरा दिया है। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए इस एकतरफा मैच में गुजरात ने न सिर्फ जीत दर्ज की, बल्कि पांच बार की चैंपियन चेन्नई सुपर किंग्स को प्लेऑफ की दौड़ से पूरी तरह बाहर का रास्ता दिखा दिया। इस धमाकेदार जीत के साथ ही गुजरात टाइटन्स अंक तालिका में टॉप-2 में फिनिश करने के बेहद करीब पहुंच गई है।
गिल और सुदर्शन का धमाका
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी गुजरात टाइटन्स की शुरुआत बेहद आक्रामक रही। कप्तान शुभमन गिल और शानदार फॉर्म में चल रहे साई सुदर्शन ने चेन्नई के गेंदबाजों की जमकर क्लास ली। गिल ने महज 23 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया और कुल 37 गेंदों पर 64 रनों की तेजतर्रार पारी खेली। सुदर्शन ने ने 53 गेंदों पर 84 रन बनाए, जिसमें लगातार पांचवीं फिफ्टी शामिल रही।
सलामी बल्लेबाजों के आउट होने के बाद अनुभवी जोस बटलर ने कमान संभाली। उन्होंने अंतिम ओवरों में महज 27 गेंदों पर नाबाद 57 रनों की तूफानी पारी खेलकर गुजरात के स्कोर को 20 ओवर में 4 विकेट पर 229 रनों के विशाल योग तक पहुंचा दिया। बटलर ने अपनी पारी में 4 गगनचुंबी छक्के जड़े।
सिराज और रबाडा के आगे ढेर हुई चेन्नई की बैटिंग
230 रनों के पहाड़ जैसे लक्ष्य का पीछा करने उतरी चेन्नई सुपर किंग्स की शुरुआत बेहद निराशाजनक और खराब रही। टीम ने पावरप्ले के भीतर ही महज 51 रन पर अपने 4 प्रमुख विकेट गंवा दिए।
गुजरात के तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज ने मैच की अपनी पहली ही गेंद पर संजू सैमसन को आउट कर चेन्नई को सबसे बड़ा झटका दिया। सैमसन एक वाइड गेंद पर शॉट खेलने के प्रयास में विकेटकीपर जोस बटलर को कैच दे बैठे। इसके तुरंत बाद कगिसो रबाडा ने मैथ्यू शॉर्ट को पवेलियन का रास्ता दिखाया। गुजरात की सधी हुई लाइन-लेंथ के आगे चेन्नई का कोई भी शीर्ष बल्लेबाज टिक नहीं सका।
ये भी पढ़े-MI vs KKR: हार्दिक पांड्या पर चला BCCI का हंटर, इस गुनाह की मिली बड़ी सजा
चेन्नई लगातार तीसरे साल बाहर
इस बड़ी जीत के साथ ही गुजरात टाइटन्स ने लीग स्टेज के अपने 14 मैचों में 9वीं जीत दर्ज कर ली है। 18 अंकों के साथ गुजरात अब अंक तालिका के टॉप-2 में फिनिश करने की बेहद मजबूत स्थिति में आ गई है। आईपीएल नियमों के मुताबिक, टॉप-2 में रहने वाली टीमों को फाइनल में जगह बनाने के दो मौके (क्वालीफायर-1 और क्वालीफायर-2) मिलते हैं।
ये भी पढ़े- IND vs AFG: रोहित-विराट की एंट्री, शुभमन गिल के हाथों में कमान, युवा खिलाड़ियों की लगी लॉटरी
दूसरी तरफ, यह हार चेन्नई सुपर किंग्स के प्रशंसकों के लिए किसी बड़े झटके से कम नहीं है। पांच बार आईपीएल ट्रॉफी अपने नाम कर चुकी चेन्नई की टीम लगातार तीसरे सीजन में प्लेऑफ की दौड़ से बाहर हो गई है।





