
Crime: लखनऊ शर्मशार! तेजस अस्पताल के डॉक्टर ने OT में छात्रा से किया रेप
Lucknow Rape Case: लखनऊ के बीकेटी स्थित तेजस अस्पताल में इलाज कराने आई 12वीं की छात्रा को नशीला इंजेक्शन देकर डॉक्टर विजय गिरी पर रेप का आरोप। आरोपी गिरफ्तार।
Lucknow Rape Case: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से एक बेहद ही सनसनीखेज और डॉक्टर-मरीज के रिश्ते को तार-तार करने वाला मामला सामने आया है। यहाँ बख्शी का तालाब (BKT) इलाके में स्थित एक निजी अस्पताल (तेजस हॉस्पिटल) में इलाज कराने आई 19 वर्षीय छात्रा के साथ डॉक्टर द्वारा दुष्कर्म किए जाने का गंभीर आरोप लगा है। वारदात के बाद पीड़िता की हालत बिगड़ने और परिजनों के हंगामे के बाद पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए आरोपी डॉक्टर को गिरफ्तार कर लिया है।
क्या है पूरा मामला?
जानकारी के मुताबिक, लखनऊ के बीकेटी क्षेत्र की रहने वाली 19 वर्षीय युवती 12वीं कक्षा की छात्रा है। उसे मिर्गी (Epilepsy) की शिकायत होने के बाद तीन दिन पहले परिजनों ने इलाज के लिए तेजस अस्पताल (Tejas Hospital) में भर्ती कराया था। शुक्रवार को अस्पताल के डॉक्टर विजय कुमार गिरी ने पीड़िता के परिजनों से कहा कि उसे ट्यूब डालने की जरूरत है और इसके लिए उसे ऑपरेशन थिएटर (OT) ले जाना पड़ेगा।
पीड़िता की बड़ी बहन भी उसके साथ ऑपरेशन थिएटर तक गई थी, लेकिन डॉक्टर विजय गिरी ने उसे झांसा देकर बाहर भेज दिया और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया।
ऑपरेशन थिएटर में दिया नशीला इंजेक्शन
पीड़िता का आरोप है कि डॉक्टर ने उसे ऑपरेशन थिएटर के अंदर एक इंजेक्शन दिया, जिसे लगाने के बाद वह अर्धविक्षिप्त यानी आधी बेहोशी की हालत में चली गई। इसी का फायदा उठाकर डॉक्टर विजय कुमार गिरी ने उसके साथ ओटी के अंदर ही दुष्कर्म (Rape) की वारदात को अंजाम दिया।
गलत हरकत और हैवानियत के कारण छात्रा की तबीयत अचानक काफी ज्यादा बिगड़ गई। जब छात्रा पूरी तरह होश में आई, तो उसने आपबीती अपनी बहन और परिजनों को सुनाई। डॉक्टर की इस घिनौनी करतूत को सुनते ही परिजनों के पैरों तले जमीन खिसक गई और उन्होंने अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा करना शुरू कर दिया।
पुलिस ने आरोपी डॉक्टर को किया गिरफ्तार
अस्पताल में बवाल और हंगामे की सूचना मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थिति को संभाला और पीड़िता को तुरंत मेडिकल परीक्षण (Medical Examination) के लिए भेज दिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी डॉक्टर विजय कुमार गिरी को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है।
इस घटना के बाद से स्थानीय लोगों और मरीजों के परिजनों में भारी आक्रोश है। पुलिस अस्पताल के अन्य कर्मचारियों से भी पूछताछ कर रही है ताकि घटना की कड़ियों को पूरी तरह जोड़ा जा सके।





