Stock Market: रॉकेट बना शेयर बाजार, ऑटो और बैंकिंग शेयरों में मची लूट

Share Market Today on May 25: आज भारतीय शेयर बाजार में शानदार तेजी देखने को मिल रही है. अमेरिका-ईरान के बीच शांति वार्ता के आगे बढ़ने और कच्चे तेल (Crude Oil) की कीमतों में 5% तक की भारी गिरावट के साथ बाजार में गजब का उत्साह है.

Stock Market Rally Today: एक तरफ बीएसई का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 856.43 अंकों की तेजी के साथ 76271.78 के स्तर पर पहुंच गया. इसी तरह से एनएसई का निफ्टी भी 253.85 अंक उछलकर 23973.15 के स्तर पर कारोबार करता नजर आया. आज बैंकिंग सेक्टर के शेयरों में भी जबरदस्त खरीदारी की जा रही है. इसके चलते बैंक निफ्टी भी 54400 के पार निकल चुका है.

कच्चे तेल में गिरावट की मुख्य वजह

ऊर्जा बाजार में इस बड़ी गिरावट का मुख्य कारण अमेरिका और ईरान के बीच चल रहे संघर्ष को कूटनीतिक तरीके से सुलझाने की बढ़ती उम्मीदें हैं. बाजार विश्लेषकों के अनुसार, दोनों देशों के बीच एक संभावित समझौते की खबरों से यह उम्मीद जगी है कि दुनिया का सबसे महत्वपूर्ण तेल व्यापार मार्ग, यानी हॉर्मुज जलडमरूमध्य जल्द ही पूरी तरह से खुल जाएगा. इसी सकारात्मक रुख के चलते वैश्विक बेंचमार्क ब्रेंट क्रूड 5% से अधिक टूटकर 97–98 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया, जबकि डब्ल्यूटीआई (WTI) क्रूड वायदा 91 डॉलर प्रति बैरल के आसपास कारोबार कर रहा था.

सेंसेक्स-निफ्टी ने मचाया गदर

शेयर मार्केट में कारोबार की शुरुआत होने से पहले ही प्री-ओपनिंग सेशन में सेंसेक्स-निफ्टी में जोरदार तेजी के संकेत मिल गए थे. वहीं जब ट्रेडिंग शुरू हुई, तो BSE Sensex खुलते ही 76,000 का स्तर पार कर गया. ये इंडेक्स अपने पिछले शुक्रवार के बंद 75,415 की तुलना में जोरदार रफ्तार पकड़ते हुए 76,135 पर ओपन हुआ और महज पांच मिनट के कारोबार में ही 874 अंक उछलकर 76,289 पर जा पहुंचा.

एशियाई बाजार

आज एशियाई बाजारों में गजब की तेजी देखने को मिल रही है. इसकी वजह स्ट्रेट ऑफ होर्मुज (Strait of Hormuz) के दोबारा खुलने को लेकर सामने आ रही खबरें हैं. इससे आज क्रूड ऑयल की कीमतों में भी गिरावट आई, जिससे निवेशकों का भरोसा बढ़ा. आज एशियाई बाजारों में तेजी की अगुवाई जापान के शेयर बाजार कर रहे हैं.

जापान के निक्केई इंडेक्स ने आज इतिहास रच दिया. 3.10%  से अधिक की तेजी के साथ पहली बार 65000 के ऐतिहासिक स्तर को पार कर 65294 पर ट्रेड कर रहा है. इस दौरान टॉपिक्स ने भी 0.65% की बढ़त हासिल की. हांगकांग और दक्षिण कोरिया के बाजार आज बुद्ध पूर्णिमा के अवसर पर बंद हैं.

अमेरिकी बाजार

मेमोरियल डे के मौके पर सोमवार को अमेरिकी बाजार ट्रेडिंग के लिए बंद रहेंगे. शुक्रवार के रेगुलर सेशन में डॉव जोन्स इंडस्ट्रियल एवरेज 294.04 अंक या 0.58% की बढ़त के साथ 50,579.70 पर बंद हुआ. S&P 500 ने 0.37% की बढ़त हासिल की और यह 7473.47 पर सेटल हुआ. नैस्डैक कंपोजिट 0.19% ऊपर चढ़ा और 26,343.97 पर बंद हुआ.

क्रूड ऑयल

वेस्ट टेक्सास इंटरमीडिएट (WTI) क्रूड वायदा लगभग 5% गिरकर 91.65 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया. ब्रेंट क्रूड वायदा आज सुबह 5% की गिरावट के साथ 98.30 डॉलर पर कारोबार कर रहा है. COMEX पर, कच्चे तेल की कीमतें 4.93% गिरकर 91.84 डॉलर प्रति बैरल पर आ गईं.

Back to top button