RCB vs GT: रजत पाटीदार के तूफान में उड़ा गुजरात, लगातार दूसरी बार फाइनल में RCB

IPL 2026 Playoffs Qualifier 1 RCB vs GT: धर्मशाला में खेले गए पहले क्वालीफायर मुकाबले में RCB ने गुजरात टाइटंस को 92 रनों से हरा दिया है। कप्तान रजत पाटीदार की 93 रनों की तूफानी पारी के दम पर आरसीबी ने फाइनल का टिकट कटाया।

IPL 2026 Playoffs Qualifier 1 RCB vs GT: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL 2026) के पहले क्वालीफायर मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने इतिहास रचते हुए लगातार दूसरी बार फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है। मंगलवार (26 मई) को धर्मशाला के खूबसूरत मैदान पर खेले गए इस नॉकआउट मुकाबले में आरसीबी ने गुजरात टाइटंस (GT) को 92 रनों के भारी अंतर से शिकस्त दी।

कप्तान रजत पाटीदार की 33 गेंदों में 93 रनों की आतिशी और नाबाद पारी की बदौलत आरसीबी ने प्लेऑफ इतिहास का सबसे बड़ा स्कोर (254/5) खड़ा किया। जवाब में रनों के पहाड़ का पीछा करने उतरी गुजरात टाइटंस की टीम आरसीबी के गेंदबाजों के सामने ताश के पत्तों की तरह बिखर गई और पूरी टीम 19.3 ओवरों में 162 रनों पर सिमट गई।

RCB का प्रचंड प्रहार

गुजरात टाइटंस ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया, लेकिन आरसीबी के बल्लेबाजों ने इसे पूरी तरह गलत साबित कर दिया।

सलामी बल्लेबाज वेंकटेश अय्यर (19) के जल्दी आउट होने के बाद, स्टार बल्लेबाज विराट कोहली ने 25 गेंदों में 43 रनों की तेज पारी खेलकर टीम को गति दी।

जेसन होल्डर (2/39) ने एक ही ओवर में विराट कोहली और देवदत्त पडिक्कल (30) को आउट कर आरसीबी को बैकफुट पर धकेलने की कोशिश की, जिससे स्कोर 94/3 हो गया।

इसके बाद कप्तान रजत पाटीदार और क्रुणाल पंड्या (43 रन) ने मोर्चा संभाला। दोनों के बीच 95 रनों की तूफानी साझेदारी हुई। पाटीदार ने अपनी पारी में 9 छक्के और 5 चौके जड़ते हुए 281.82 के स्ट्राइक रेट से नाबाद 93 रन बनाए और टीम का स्कोर 254 तक पहुंचाया।

पावरप्ले में ही बिखर गया GT का शीर्ष क्रम

255 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी गुजरात टाइटंस की शुरुआत किसी डरावने सपने जैसी रही। आरसीबी के नए गेंद के गेंदबाजों ने पावरप्ले में ही मैच का फैसला तय कर दिया।

गुजरात ने सिर्फ 51 रन के स्कोर पर अपने 5 बड़े विकेट गंवा दिए। कप्तान शुभमन गिल को भुवनेश्वर कुमार ने महज 2 रन पर क्लीन बोल्ड कर दिया। साई सुदर्शन (14 रन) बेहद दुर्भाग्यपूर्ण ढंग से ‘हिट विकेट’ आउट हुए। जोस बटलर (29), निशांत सिंधु (5) और जेसन होल्डर (0) भी पूरी तरह फ्लॉप रहे।

इम्पैक्ट प्लेयर के रूप में आए राहुल तेवतिया ने एक छोर संभाले रखा और 43 गेंदों में 68 रनों की साहसी पारी खेली, लेकिन दूसरे छोर से कोई सहयोग न मिलने के कारण वे सिर्फ हार का अंतर ही कम कर सके। आरसीबी के लिए जैकब डफी सबसे सफल गेंदबाज रहे, जिन्होंने 39 रन देकर 3 विकेट झटके। भुवनेश्वर कुमार और क्रुणाल पंड्या को 2-2 विकेट मिले।

बता दें कि आरसीबी ने धर्मशाला में गुजरात को एकतरफा मुकाबले में 92 रन से मात देकर फाइनल में जगह पक्‍की की।  आरसीबी अब रविवार को दूसरे फाइनलिस्‍ट से खिताबी जंग करेगा।

Back to top button