
RR vs SRH: ‘तबाही का दूसरा नाम वैभव सूर्यवंशी’, SRH के खिलाफ ध्वस्त किए ये कई रिकॉर्ड्स
RR vs SRH IPL 2026 Eliminator: राजस्थान रॉयल्स के 15 वर्षीय ओपनर वैभव सूर्यवंशी ने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ 29 गेंदों में 97 रनों की तूफानी पारी खेलकर इतिहास रच दिया।
IPL 2026 RR vs SRH Eliminator: आईपीएल 2026 के एलिमिनेटर मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स (RR) के 15 वर्षीय युवा सनसनी वैभव सूर्यवंशी (Vaibhav Sooryavanshi) ने अपनी ताबड़तोड़ बल्लेबाजी से सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के गेंदबाजों की धज्जियां उड़ा दीं। मुल्लानपुर के महाराजा यादवेंद्र सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए इस नॉकआउट मुकाबले में बाएं हाथ के इस युवा ओपनर ने महज 29 गेंदों में 97 रनों की ऐसी आतिशी पारी खेली, जिसे क्रिकेट जगत सालों तक याद रखेगा।
अपनी इस पारी में वैभव ने 5 चौके और 12 गगनचुंबी छक्के जड़े। हालांकि, वह केवल 3 रन से क्रिस गेल का सबसे तेज आईपीएल शतक (30 गेंद) का रिकॉर्ड तोड़ने से चूक गए, लेकिन अपनी इस छोटी सी पारी के दौरान उन्होंने 5 ऐसे बड़े रिकॉर्ड्स अपने नाम कर लिए जिसने हर किसी को हैरान कर दिया।
एक सीजन में सबसे ज्यादा छक्के (गेल का रिकॉर्ड टूटा)
वैभव ने क्रिस गेल का 14 साल पुराना रिकॉर्ड (2012 में 59 छक्के) तोड़ दिया है। इस मैच में 12 छक्के लगाकर अब उनके इस सीजन में 65 छक्के हो गए हैं, जो किसी भी टी20 टूर्नामेंट के एक सीजन में सबसे ज्यादा हैं।
अनकैप्ड खिलाड़ी द्वारा सर्वाधिक रन
वैभव आईपीएल के एक सीजन में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले अनकैप्ड बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने यशस्वी जायसवाल (626 रन, 2023) को पीछे छोड़ते हुए इस सीजन में 680 रन बना लिए हैं और ऑरेंज कैप की रेस में टॉप पर हैं।
प्लेऑफ का संयुक्त सबसे तेज अर्धशतक
वैभव ने महज 16 गेंदों में हाफ सेंचुरी ठोककर सुरेश रैना के 10 साल पुराने रिकॉर्ड की बराबरी कर ली। रैना ने 2014 में पंजाब के खिलाफ 16 गेंदों में अर्धशतक लगाया था।
प्लेऑफ की एक पारी में सबसे ज्यादा छक्के
इस मैच में 12 छक्के लगाकर वैभव ने आईपीएल प्लेऑफ की एक पारी में सबसे ज्यादा छक्के जड़ने का रिकॉर्ड अपने नाम किया। उन्होंने शुभमन गिल (10 छक्के, 2023) का रिकॉर्ड तोड़ा।
एक सीजन में 3 बार ’10+ छक्के’ लगाने वाले इकलौते बल्लेबाज
वैभव आईपीएल इतिहास के पहले ऐसे खिलाड़ी बन गए हैं जिन्होंने एक ही सीजन की 3 अलग-अलग पारियों में 10 या उससे ज्यादा छक्के लगाए हैं। इसके साथ ही उन्होंने करियर में कुल 4 बार ऐसा करके क्रिस गेल के ऑल-टाइम रिकॉर्ड की भी बराबरी कर ली।
मैच का क्या रहा हाल?
वैभव सूर्यवंशी की इस ऐतिहासिक पारी की बदौलत राजस्थान रॉयल्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवरों में 243/8 का विशाल स्कोर खड़ा किया, जो आईपीएल इतिहास में रॉयल्स का अब तक का सबसे बड़ा स्कोर है। जवाब में रनों के पहाड़ का पीछा करने उतरी सनराइजर्स हैदराबाद की टीम जोफ्रा आर्चर की घातक गेंदबाजी (3/58) के सामने टिक नहीं सकी और 19.2 ओवरों में 196 रनों पर ढेर हो गई। राजस्थान ने यह मैच 47 रनों से जीतकर क्वालिफायर-2 में अपनी जगह पक्की कर ली है, जहां उनका सामना गुजरात टाइटंस (GT) से होगा।





