
चारबाग स्टेशन हादसे मे रेलवे का बड़ा एक्शन, ठेकेदार पर जुर्माना; 3 इंजीनियर सस्पेंड
Charbagh Station Shed Collapse: लखनऊ के चारबाग रेलवे स्टेशन पर यात्री शेड गिरने के मामले में रेलवे ने बड़ी कार्रवाई की है। ठेकेदार पर जुर्माना लगाने के साथ 3 इंजीनियरों को निलंबित कर दिया गया है।
Charbagh Station Shed Collapse: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के ऐतिहासिक चारबाग रेलवे स्टेशन पर एक बड़ा हादसा होने के बाद रेलवे प्रशासन पूरी तरह से एक्शन मोड में आ गया है। स्टेशन पर यात्रियों की सुरक्षा के लिए बना शेड (Passenger Shed) अचानक भरभराकर गिर गया। इस गंभीर लापरवाही को देखते हुए रेलवे ने संबंधित ठेकेदार पर 50 लाख रुपये का भारी-भरकम जुर्माना ठोंका है।
इसके साथ ही, कर्तव्य में लापरवाही बरतने के आरोप में तीन जिम्मेदार इंजीनियरों को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड (निलंबित) कर दिया गया है।
इन अधिकारियों पर गिरी गाज
प्रारंभिक जांच में सुरक्षा मानकों और निर्माण कार्य में गंभीर खामियां पाए जाने के बाद रेलवे ने तुरंत सख्त कदम उठाए हैं।हादसे की जिम्मेदारी तय करते हुए प्रोजेक्ट मैनेजमेंट कंसल्टेंसी (PMC) की टीम को काम से तत्काल हटा दिया गया है। रेल भूमि विकास प्राधिकरण (RLDA) के प्रोजेक्ट इंजीनियर को सस्पेंड कर दिया गया है। इसके अलावा उत्तर रेलवे लखनऊ मंडल के इंचार्ज वर्क्स सुपरवाइजर और सहायक अभियंता (Assistant Engineer) को भी निलंबित कर दिया गया है।
ये भी पढ़े- UP News: गाजियाबाद में सूर्या चौहान की चाकुओं से गोदकर हत्या, इलाके में भारी तनाव
40 से अधिक ट्रेनें प्रभावित
हादसे की संवेदनशीलता को देखते हुए प्रशासन ने चारबाग स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 4 और 5 को एहतियातन दोनों ओर से पूरी तरह बंद कर दिया है। इन दोनों प्लेटफॉर्मों से रोजाना लगभग 40 से 42 ट्रेनों की आवाजाही होती है।
यात्रियों को किसी भी संभावित खतरे से बचाने के लिए प्लेटफॉर्म पर आम लोगों की एंट्री रोक दी गई है और वहां रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के जवानों को तैनात किया गया है। प्रभावित होने वाली सभी ट्रेनों को अस्थाई रूप से दूसरे प्लेटफॉर्मों पर डायवर्ट करके संचालित किया जा रहा है।
ये भी पढ़े- Lucknow: चारबाग रेलवे स्टेशन पर बड़ा हादसा; प्लेटफॉर्म पर गिरा टिन शेड, 3 यात्री घायल





