
‘Bhojpuri Bawaal’ में दिखेगा तेज प्रताप का जलवा, पवन सिंह और निरहुआ के साथ मचाएंगे गदर!
Bhojpuri Bawaal: तेज प्रताप यादव अब राजनीति के बाद एंटरटेनमेंट की दुनिया में कदम रख रहे हैं। वह अपकमिंग रियलिटी शो ‘भोजपुरी बवाल‘ में पवन सिंह और निरहुआ के साथ स्क्रीन शेयर करेंगे।
Bhojpuri Bawaal: बिहार की राजनीति में अपने बेबाक और अनूठे अंदाज के लिए मशहूर RJD प्रमुख लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे पूर्व मंत्री तेज प्रताप यादव अब एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री में तहलका मचाने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। आरजेडी (RJD) सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे और जनशक्ति जनता दल (JJD) के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेज प्रताप यादव जल्द ही शुरू होने वाले एक अनोखे रियलिटी शो ‘भोजपुरी बवाल’ (Bhojpuri Bawaal) में नजर आएंगे।
मेकर्स द्वारा हाल ही में जारी किए गए शो के पोस्टर और टीजर ने सोशल मीडिया पर सनसनी मचा दी है। इस पोस्टर में तेज प्रताप यादव एक आलीशान कुर्सी पर बैठे हुए बेहद रोबीले अंदाज में दिखाई दे रहे हैं।
OTT और टीवी पर दिखेगा भोजपुरी के दिग्गजों का जलवा
इस नए रियलिटी शो को टीवी चैनल ‘कलर्स‘ (Colors) और ओटीटी प्लेटफॉर्म ‘जियो हॉटस्टार’ (JioHotstar) पर स्ट्रीम किया जाएगा। हालांकि, मेकर्स ने अभी तक शो की रिलीज डेट की आधिकारिक घोषणा नहीं की है, लेकिन इसे लेकर भोजपुरी फैंस के बीच जबरदस्त बज बना हुआ है।
इस शो की सबसे खास बात यह है कि राजनीति के ‘लाल’ तेज प्रताप यादव को भोजपुरी सिनेमा के शीर्ष सुपरस्टारों के साथ स्क्रीन साझा करते देखा जाएगा। शो में उनके साथ पवन सिंह (पावर स्टार), दिनेश लाल यादव उर्फ निरहुआ, आम्रपाली दुबे और काजल राघवानी नजर आएंगे।
‘भोजपुरी बवाल’ में नहीं होगा कोई एलिमिनेशन
यह शो पारंपरिक टीवी रियलिटी शोज (जैसे बिग बॉस) से काफी अलग होने वाला है। मेकर्स के मुताबिक, इस शो में कोई प्रतियोगिता या कॉम्पिटिशन नहीं रखा गया है। इसका मतलब है कि शो के फॉर्मेट के अनुसार किसी भी स्टार को एलिमिनेट (बाहर) नहीं किया जाएगा। शो का मुख्य उद्देश्य इन दिग्गज भोजपुरी सितारों की पर्सनल और प्रोफेशनल लाइफ के उन अनछुए पहलुओं को फैंस के सामने लाना है, जिनसे लोग अब तक अनजान थे।
पारिवारिक और राजनीतिक उतार-चढ़ाव के बाद नया सफर
तेज प्रताप यादव पिछले कुछ समय से अपने राजनीतिक और पारिवारिक विवादों को लेकर काफी चर्चा में रहे हैं। खबरों के मुताबिक, पारिवारिक अनबन के बाद उन्होंने ‘जनशक्ति जनता दल’ (JJD) नाम से अपनी नई राजनीतिक पार्टी का गठन किया था।
राजनीति के मैदान में उतार-चढ़ाव देखने के बाद, अब वह अभिनय और ओटीटी की दुनिया में अपनी किस्मत आजमाने जा रहे हैं। दर्शकों के लिए राजनेता तेज प्रताप यादव को भोजपुरी के स्क्रीन पर देखना बेहद दिलचस्प और रोमांचक अनुभव होगा।





