IPL 2026 Final: आरसीबी से भिड़ेगी शुभमन गिल की सेना, अहमदाबाद में खिताबी भिड़त

IPL 2026 Final RCB vs GT: क्वालीफायर-2 में राजस्थान रॉयल्स को 7 विकेट से हराकर गुजरात टाइटंस फाइनल में पहुंच गई है। अब 31 मई को अहमदाबाद में शुभमन गिल की टक्कर विराट कोहली की आरसीबी से होगी।

IPL 2026 Final RCB vs GT: आईपीएल 2026 का काउंटडाउन अब अपने आखिरी पड़ाव पर पहुंच चुका है। दुनिया के सबसे बड़े क्रिकेट ग्राउंड, अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में 31 मई को इस सीजन का महामुकाबला खेला जाना है। इस खिताबी जंग (IPL 2026 Final) में डिफेंडिंग चैंपियन रायल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) का सामना गुजरात टाइटंस (GT) से होगा।

शुक्रवार को खेले गए नॉकआउट मुकाबले (Qualifier 2) में गुजरात टाइटंस ने राजस्थान रॉयल्स को 7 विकेट से करारी शिकस्त देकर फाइनल का टिकट हासिल किया। अब जहां आरसीबी के पास बैक-टू-बैक दूसरा खिताब जीतने का सुनहरा मौका है, वहीं गुजरात की टीम भी अपनी दूसरी ट्रॉफी पर कब्जा जमाने के इरादे से मैदान में उतरेगी।

शुभमन गिल के शतक ने पलटी बाजी

राजस्थान से मिले चुनौतीपूर्ण लक्ष्य का पीछा करने उतरी गुजरात टाइटंस के कप्तान शुभमन गिल अलग ही मूड में नजर आए। गिल ने शानदार शतकीय पारी खेलकर न सिर्फ अपनी टीम को जीत दिलाई, बल्कि विपक्षी टीम के युवा सितारे वैभव सूर्यवंशी के अरमानों पर भी पानी फेर दिया। गुजरात ने यह मैच 7 विकेट रहते ही बेहद आसानी से अपने नाम कर लिया।

इस सीजन चौथी बार आमने-सामने होंगे RCB और GT

शुभमन गिल की कप्तानी वाली गुजरात टाइटंस लीग स्टेज में दूसरे पायदान पर रही थी। क्वालीफायर-1 में आरसीबी के हाथों हार झेलने के बाद, जीटी को क्वालीफायर-2 का कठिन रास्ता चुनना पड़ा। आईपीएल 2026 में यह इन दोनों टीमों के बीच चौथी भिड़ंत होगी। इससे पहले लीग स्टेज में दोनों ने एक-दूसरे के खिलाफ 1-1 मैच जीता था, जबकि क्वालीफायर-1 आरसीबी के नाम रहा था।

होम ग्राउंड पर गुजरात को मिलेगा फायदा?

भले ही हालिया रिकॉर्ड्स को देखते हुए विराट कोहली की ‘विशाल सेना’ (RCB) का पलड़ा थोड़ा भारी नजर आ रहा हो, लेकिन गुजरात टाइटंस को उनके घर में हराना आसान नहीं होगा। अहमदाबाद की परिस्थितियां शुभमन गिल एंड कंपनी के अनुकूल हैं और इस सीजन उन्होंने अपने होम ग्राउंड पर शानदार प्रदर्शन किया है। ऐसे में क्रिकेट फैंस को 31 मई को एक ऐतिहासिक और रोंगटे खड़े कर देने वाला फाइनल मैच देखने को मिलने वाला है।

Back to top button