
UP News: ‘उसे मेरे हवाले कर दो, टुकड़े-टुकड़े कर दूंगी’, मासूम की हत्या पर बिलखती मां का फूटा गुस्सा
Firozabad Murder Case: फिरोजाबाद में शादी का प्रस्ताव ठुकराने पर सिरफिरे आशिक ने डेढ़ साल के मासूम को पटक-पटककर मार डाला। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पीड़ित मां ने कहा कि आरोपी को उसके हवाले कर दिया जाए।
Firozabad Murder Case: उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद से एक ऐसा दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जिसने इंसानियत को शर्मसार कर दिया है। यहां एक सिरफिरे आशिक ने शादी का प्रस्ताव ठुकराए जाने से नाराज होकर एक डेढ़ साल के मासूम बच्चे को बेरहमी से पटक-पटककर मौत के घाट उतार दिया। इस रोंगटे खड़े कर देने वाली वारदात का सीसीटीवी (CCTV) फुटेज भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है।
“उसे मेरे हवाले कर दो, मैं उसके टुकड़े कर दूंगी”
मासूम बच्चे की मां ने रोते और चिल्लाते हुए अपना गुस्सा जाहिर किया। उन्होंने कहा, “उसने मेरे बच्चे के साथ जो किया, उसकी सजा सिर्फ मौत है। पुलिस उसे मुझे सौंप दे, मैं खुद अपने हाथों से उसके टुकड़े-टुकड़े कर दूंगी। उसने मेरे हंसते-खेलते बच्चे को बेरहमी से मार डाला।”
पीड़ित महिला ने बताया कि उसका अपने पति के साथ विवाद चल रहा था, जिसके कारण वह अपनी मां के घर रह रही थी। आरोपी जितेंद्र पाठक, जो रिश्ते में महिला का दूर का भाई (बुआ का लड़का) लगता है, लंबे समय से उस पर शादी करने का दबाव बना रहा था।
टॉफी दिलाने के बहाने ले गया और ले ली जान
महिला के मुताबिक, उसने जितेंद्र के शादी के प्रस्ताव को साफ शब्दों में ठुकरा दिया था और कहा था कि उसके पास एक बच्चा है और वह अब दूसरी शादी नहीं करना चाहती। इसी बात से नाराज होकर आरोपी 30 मई को महिला की सहेली के घर पहुंच गया, जहां महिला आई हुई थी।
वहां आरोपी ने बच्चे ‘आरव’ से कहा कि चलो तुम्हें बाहर से टॉफी दिलाकर लाता हूं। महिला ने अपने रिश्तेदार पर भरोसा करके बच्चे को भेज दिया। लेकिन आरोपी के दिमाग में कुछ और ही चल रहा था। वह बच्चे को सुनसान जगह पर ले गया और उसे आठ बार जमीन पर पटक-पटककर बेरहमी से मार डाला। हत्या करने के बाद आरोपी बच्चे के शव को घर के बाहर फेंककर फरार हो गया।
मुठभेड़ के बाद आरोपी गिरफ्तार
वारदात के बाद पुलिस हरकत में आई और घेराबंदी शुरू की। शनिवार शाम को जब पुलिस ने आरोपी को पकड़ने की कोशिश की, तो उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने आरोपी के दोनों पैरों में गोली मारकर उसे लंगड़ा कर दिया और गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल आरोपी अस्पताल में पुलिस कस्टडी में है और पुलिस मामले की आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।





