स्व.भूपेन्द्र सिंह चुफाल और परिवार की स्मृति में POCT सर्विसेज ने लगाया विशाल भंडारा

Lucknow News: ज्येष्ठ मास के छठे शनिवार के पावन अवसर पर राजधानी लखनऊ में दिवंगत भूपेन्द्र सिंह चुफाल, उनके परिवार और चालक अनुज मिश्रा की पावन स्मृति में विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। यह आयोजन मेसर्स पीओसीटी सर्विसेज एवं गगन पैलेस के मुख्य द्वार पर श्रद्धांजलि स्वरूप आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और राहगीरों ने प्रसाद ग्रहण किया।

उत्तराखंड में हुआ था दर्दनाक हादसा

कार्यक्रम के दौरान श्री राजेश कुमार उपाध्याय जी ने बताया कि बीती 21 मई 2026 को उत्तराखंड के भवाली क्षेत्र में एक बेहद दुखद सड़क हादसा हो गया था। इस भीषण दुर्घटना में स्व0 भूपेन्द्र सिंह चुफाल, उनकी धर्मपत्नी, उनका पुत्र, उनकी सुपुत्री और उनके ड्राइवर स्व0 अनुज मिश्रा सभी का असामयिक निधन हो गया था। इस दिल दहला देने वाली घटना से उनके करीबियों और POCT सर्विसेज परिवार में शोक की लहर दौड़ गई थी।

असंख्य भक्तों ने ग्रहण किया प्रसाद

ज्येष्ठ के बड़े मंगल और शनिवार की परंपरा को निभाते हुए, दिवंगत आत्माओं के सहयोगियों और मित्रों ने इस विशाल भंडारे का बीड़ा उठाया। राहगीरों और भक्तों के लिए बेहद भव्य तरीके से प्रसाद का वितरण किया गया।

सुबह से शुरू हुआ यह भंडारा देर शाम तक चलता रहा, जिसमें समाज के हर वर्ग के असंख्य लोगों ने आकर प्रसाद ग्रहण किया। भक्तों को पूड़ी-सब्जी, छोला-चावल, गरमा-गरम तहरी के साथ-साथ मौसमी फल ‘आम’ और विशेष रूप से ‘मेवा-बाइट’ का वितरण किया गया।

POCT सर्विसेज के चेयरमैन सहित पूरा स्टाफ रहा मौजूद

इस संकट और दुख की घड़ी में एकजुटता दिखाते हुए पी0ओ0सी0टी0 सर्विसेज के चेयरमैन श्री सौरभ गर्ग जी स्वयं भंडारे में उपस्थित रहे। उनके साथ संस्थान के समस्त उच्च अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी अपनी सेवाएँ दीं। सभी ने मिलकर व्यवस्था संभाली और आने वाले भक्तों को आदरपूर्वक प्रसाद वितरित कर दिवंगत चुफाल परिवार और ड्राइवर अनुज मिश्रा को नमन किया।

Back to top button