
वाराणसी-जौनपुर मार्ग पर दर्दनाक हादसा, पुलिस भर्ती परीक्षा दिलाने जा रहे पिता-पुत्री की मौत
Varanasi News: वाराणसी-जौनपुर हाईवे पर नागापुर के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार पिता और बेटी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक चला रहा पड़ोसी गंभीर रूप से घायल है।
Varanasi News: उत्तर प्रदेश के वाराणसी से एक बेहद ही हृदयविदारक खबर सामने आ रही है। वाराणसी-जौनपुर मार्ग पर नागापुर (पिंडरा बाईपास) के पास मंगलवार की अलसुबह एक अज्ञात वाहन ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। इस दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक पर सवार पिता और उनकी 20 वर्षीय बेटी की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, बाइक चला रहा उनका एक पड़ोसी गंभीर रूप से घायल हो गया है, जिसे इलाज के लिए वाराणसी रेफर किया गया है।
पुलिस भर्ती परीक्षा देने जा रही थी बेटी
मिली जानकारी के मुताबिक, रामनगर के कोदोपुर निवासी पृथ्वी नाथ सोनकर (64 वर्ष) अपनी बेटी आंचल सोनकर (20 वर्ष) को यूपी पुलिस भर्ती परीक्षा दिलाने के लिए जौनपुर ले जा रहे थे। सुबह का समय होने के कारण उन्होंने अपने पड़ोसी दिनेश सोनकर को बाइक चलाने के लिए साथ ले लिया था। एक ही बाइक पर तीनों सवार होकर जौनपुर के लिए निकले थे, लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था।
अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर
घटना अलसुबह पिंडरा बाईपास के नागापुर के पास की है। बाइक अभी हाईवे पर आगे बढ़ी ही थी कि पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों सड़क पर दूर जा गिरे। पृथ्वी नाथ सोनकर (64 वर्ष) और आंचल सोनकर (20 वर्ष) की मौके पर मौत हो गई। दिनेश सोनकर (पड़ोसी) घायल हो गया।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुँची पुलिस
हादसे की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई और तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी गई। पिंडरा बाईपास पर हुई इस घटना की खबर मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुँचा। पुलिस ने तुरंत एम्बुलेंस बुलाकर घायल दिनेश सोनकर को नजदीकी अस्पताल भेजा, जहाँ उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे वाराणसी के हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया है।
परिजनों में कोहराम
बेटी के सुनहरे भविष्य का सपना लेकर घर से निकले पिता और खुद बेटी की इस तरह मौत से पूरा इलाका स्तब्ध है। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और टक्कर मारकर फरार होने वाले अज्ञात वाहन की तलाश के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।





