
PGI क्षेत्र से 20 दिन से लापता युवती; परिजनों को धर्मांतरण और विदेश भेजने की आशंका
Lucknow News: लखनऊ के PGI इलाके से एक 21 वर्षीय युवती पिछले 20 दिनों से लापता है। परिजनों ने दूसरे समुदाय के युवक पर बहला-फुसलाकर ले जाने और धर्मांतरण कराकर विदेश भेजने का गंभीर आरोप लगाया है।
Lucknow News: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के पीजीआई (PGI) थाना क्षेत्र से एक बेहद चौंकाने वाला और संवेदनशील मामला सामने आया है। यहाँ एक 21 वर्षीय युवती पिछले 20 दिनों (21 मई से) से रहस्यमय परिस्थितियों में लापता है। तीन सप्ताह से अधिक का समय बीत जाने के बाद भी युवती का कोई सुराग नहीं मिल पाया है, जिससे परिजनों की चिंताएं और आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है।
परिजनों ने आरोप लगाया है कि उनकी बेटी को दूसरे समुदाय का एक युवक बहला-फुसलाकर ले गया है। उन्हें आशंका है कि युवती का जबरन धर्मांतरण कराया जा सकता है या फिर उसे देश से बाहर (सीरिया) भेजा जा सकता है।
नर्सिंग एसोसिएशन उतरा समर्थन में
युवती की बरामदगी में हो रही देरी को लेकर स्थानीय लोगों और सहयोगियों में भारी नाराजगी है। मंगलवार को लापता युवती के पिता के समर्थन में नर्सिंग एसोसिएशन के पदाधिकारी और सदस्य बड़ी संख्या में पीजीआई थाने पहुंचे।
एसोसिएशन की अध्यक्ष लता सचान, संयुक्त सचिव मनोज वर्मा, महामंत्री विवेक और मंजूलता सहित अन्य पदाधिकारियों ने पुलिस अधिकारियों से मुलाकात की। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मांग की कि युवती को जल्द से जल्द और सकुशल बरामद किया जाए तथा नामजद आरोपी की तुरंत गिरफ्तारी हो।
ये भी पढ़े- UP News: बागपत में सरेआम खूनी खेल, हिस्ट्रीशीटर ने टेंट व्यवसायी और उनके बेटे को गोलियों से भूना
आरोप के मुताबिक, इरशाद अली पिछले करीब एक साल से युवती का पीछा कर रहा था और उस पर लगातार अलग-अलग तरह से दबाव बना रहा था। परिवार का दावा है कि उन्होंने इस संबंध में पहले भी पुलिस से शिकायत करने की कोशिश की थी, लेकिन समय रहते कोई ठोस या प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई।
सोशल मीडिया पर सीरिया ले जाने की चर्चा
इस बीच, सोशल मीडिया पर इस मामले को लेकर तरह-तरह के दावे किए जा रहे हैं। इंटरनेट पर चर्चाएं हैं कि युवती का धर्मांतरण कराकर उसे सीरिया भेजने की साजिश रची जा रही है। पुलिस के मुताबिक, अब तक की जांच और सर्विलांस ट्रैकिंग में युवती को सीरिया ले जाने या जबरन धर्मांतरण से जुड़ा कोई पुख्ता साक्ष्य या सबूत हाथ नहीं लगा है। सोशल मीडिया के दावों में फिलहाल कोई सच्चाई सामने नहीं आई है।
ये भी पढ़े- लखनऊ में नकली नोटों का बड़ा जखीरा बरामद, नेपाल और अंडरवर्ल्ड कनेक्शन की जांच शुरू
तलाश के लिए 4 टीमें गठित
पीजीआई पुलिस ने बताया कि इस हाई-प्रोफाइल मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए कई स्तरों पर जांच की जा रही है।युवती की सुरक्षित बरामदगी और नामजद आरोपी इरशाद अली की गिरफ्तारी के लिए कुल 4 पुलिस टीमें गठित की गई हैं।लखनऊ के दक्षिणी जोन की सर्विलांस टीम भी लगातार मोबाइल लोकेशंस और कॉल डिटेल्स खंगाल रही है। पुलिस की टीमें लगातार संदिग्ध ठिकानों और आरोपी के संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं।
ये भी पढ़े- ATM के रास्ते बैंक में घुसा चोर, ई-सर्विलांस और पुलिस की मुस्तैदी से हुआ गिरफ्तार…





