Stock Market Today: गिरावट के साथ खुला शेयर बाजार, 100 अंक लुढ़का निफ्टी

Stock Market Today: घरेलू शेयर बाजार में हफ्ते के चौथे कारोबारी दिन बिकवाली का माहौल दिखा। शुरुआती कारोबार में प्रमुख बेंचमार्क सूचकांक सेंसेक्स और निफ्टी टूट गए हैं।

Stock Market Today: शेयर बाजार में 11 जून को कमजोरी देखने को मिली है, शुरुआती कारोबारी सेशन में जहां सेंसेक्स 430 अंक और निफ्टी 100 से ज्यादा अंक टूट गया. बाजार पर सबसे ज्यादा दबाव आईटी शेयरों की बिकवाली, विदेशी निवेशकों (FII) की लगातार निकासी, रुपये की कमजोरी और अमेरिका-ईरान के बीच बढ़ते तनाव की वजह से रहा. पश्चिम एशिया में तनाव बढ़ने से कच्चे तेल की कीमतें भी उछल गई हैं, जिससे निवेशकों की चिंता बढ़ी है. हालांकि, ब्रोकरेज फर्म सिटी ने निफ्टी के लिए नया टारगेट भी बताया है.

कैसी रही सेंसेक्स और निफ्टी की शुरुआत?

सेंसेक्स की बात करें तो 350 अंक की गिरावट के साथ 73,614 अंक पर खुला, हालांकि कुछ देर बाद इसमें रिकवरी के संकेत मिले हैं. गिरावट कम होकर 268 अंक पर आ गई. वहीं निफ्टी की कहानी भी सेंसेक्स से अलग नहीं रही. 110 अंक की कमी के साथ ये 23,104 के लेवल पर खुला.मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव ने दुनियाभर के बाजारों की चिंता बढ़ा दी है. निवेशकों को डर है कि अगर हालात और बिगड़े तो कच्चे तेल की सप्लाई प्रभावित हो सकती है. यही वजह है कि तेल की कीमतों में तेजी आई और शेयर बाजार में बिकवाली बढ़ गई.

तेल महंगा, बाजार परेशान

भारत अपनी जरूरत का अधिकांश कच्चा तेल आयात करता है. ऐसे में तेल की कीमतें बढ़ने से देश की अर्थव्यवस्था और कंपनियों दोनों पर दबाव बढ़ सकता है. महंगा तेल महंगाई बढ़ाने का भी काम करता है, इसलिए निवेशकों ने जोखिम कम करना बेहतर समझा.

इन शेयरों पर सबसे ज्यादा दबाव

बैंकिंग, FMCG और खासकर IT सेक्टर में कमजोरी देखने को मिली, जहां निफ्टी IT इंडेक्स 28,279.90 के पिछले बंद स्तर के मुकाबले 27,888.00 पर खुला. आज बैंकिंग, ऑटो, आईटी और मेटल सेक्टर के शेयरों में सबसे ज्यादा कमजोरी देखने को मिली. कई बड़े शेयर लाल निशान में कारोबार करते नजर आए. दूसरी तरफ ऑयल एंड गैस सेक्टर की कुछ कंपनियों में खरीदारी देखने को मिली. बाजार में आई इस गिरावट से निवेशकों की संपत्ति को बड़ा झटका लगा. सेंसेक्स और निफ्टी में कमजोरी के चलते कई कंपनियों का मार्केट कैप घट गया. छोटे और मझोले शेयरों में भी बिकवाली का दबाव देखा गया.

फिलहाल बाजार की नजर मिडिल ईस्ट के हालात और कच्चे तेल की कीमतों पर रहेगी. अगर तनाव कम होता है तो बाजार में रिकवरी देखने को मिल सकती है. वहीं हालात बिगड़ने पर उतार-चढ़ाव और बढ़ सकता है.

Back to top button