
यूपी में मौसम का यू-टर्न, कई जिलों में बारिश-ओलावृष्टि की चेतावनी…
Weather Update:उत्तर प्रदेश में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। पश्चिमी विक्षोभ और चक्रवाती परिसंचरण के प्रभाव से प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश, तेज आंधी और गरज-चमक का दौर शुरू हो गया है।
मेरठ, आगरा, लखनऊ समेत कई जिलों में बारिश होने से तापमान में गिरावट दर्ज की गई है और लोगों को भीषण गर्मी व हीटवेव से राहत मिली है।
मौसम विभाग ने 16 जून तक प्रदेश के कई जिलों में 40 से 80 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने, बिजली गिरने और कुछ इलाकों में ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की है। अलीगढ़, मथुरा, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, झांसी और ललितपुर समेत कई जिलों में ओले गिरने की संभावना जताई गई है।
मेरठ में रेड अलर्ट से मची अफरा-तफरी
मेरठ-एनसीआर में देर रात तेज आंधी, कड़कती बिजली और झमाझम बारिश ने मौसम पूरी तरह बदल दिया। सरकार के ‘सचेत’ ऐप पर रेड अलर्ट जारी होने के बाद नौचंदी मेले में मौजूद लोगों के बीच सुरक्षित स्थानों की ओर भागने की होड़ मच गई। तेज हवाओं से कई स्थानों पर बिजली के पोल गिर गए और आम की फसल को भी नुकसान पहुंचा।
आगरा में रातभर बरसे बादल
आगरा में दिनभर की भीषण गर्मी के बाद देर रात तेज आंधी के साथ बारिश हुई। शुक्रवार सुबह तक कई इलाकों में अच्छी बारिश दर्ज की गई, जिससे मौसम सुहावना हो गया। मौसम विभाग ने आगरा मंडल में 16 जून तक बारिश और आंधी का पूर्वानुमान जारी किया है।
लखनऊ में आज बारिश के आसार
राजधानी लखनऊ में शुक्रवार को गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार अधिकतम तापमान 37 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
झांसी रहा सबसे गर्म जिला
गुरुवार को झांसी प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 43.02 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं बरेली में न्यूनतम तापमान 19.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ।
मौसम विभाग की सलाह
मौसम वैज्ञानिकों ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की अपील की है। किसानों को भी फसलों की सुरक्षा के लिए सतर्क रहने की सलाह दी गई है। 16 जून तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम सक्रिय रहने की संभावना है।





