
Prince Yadav Death: रौशन सर के भाई की मौत पर बोले खान सर, परिवार को दिया खास मैसेज
Prince Yadav Death: नेपाल में ज्ञान बिंदु कोचिंग के निदेशक रौशन आनंद सर के भाई प्रिंस यादव की संदिग्ध मौत पर खान सर ने एक भावुक वीडियो जारी किया है। मौत के पीछे कौन सी ‘तीसरी साजिश’ बताई।
Prince Yadav Death: पटना के मशहूर शिक्षक और कोचिंग संचालक खान सर ने ज्ञान बिंदु कोचिंग के निदेशक रौशन आनंद सर के भाई प्रिंस यादव की नेपाल में हुई संदिग्ध मौत पर अपना पहला भावुक वीडियो संदेश जारी किया है। बिहार के पूर्व मंत्री तेज प्रताप यादव द्वारा इस घटना को हत्या बताने और इसमें खान सर का नाम घसीटने के बाद, खान सर ने सामने आकर अपनी सफाई दी है और पीड़ित परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है।
खान सर ने वीडियो में कहा कि जब उन्हें पहली बार इस घटना की खबर मिली, तो उनके “पैरों तले जमीन खिसक गई।” हालांकि, शुरुआती सूचनाओं के अनुसार नेपाल में प्रिंस यादव की मौत ब्रेन हेमरेज के कारण बताई जा रही है।
वीडियो में खान सर ने क्या कहा?
खान सर ने बहुत ही भारी मन से अपने वीडियो की शुरुआत करते हुए कहा, “आज बहुत अजीब मन से बात करनी पड़ रही है। अचानक कुछ लोगों के फोन आने लगे कि रौशन सर के भाई की नेपाल में संदिग्ध स्थिति में मौत हो गई है। मुझे पहले तो विश्वास ही नहीं हुआ और मैंने फोन करने वालों को डांटा भी। लेकिन जब मैंने खुद न्यूज देखी, तो हैरान रह गया। समय कैसा करवट ले रहा है, आखिर ऐसा कैसे हो सकता है?”
दोस्त का दावा
अपने वीडियो संदेश में खान सर ने एक न्यूज क्लिप भी दिखाई, जिसमें प्रिंस यादव के दोस्त बयान दे रहे हैं। प्रिंस का पहले से इलाज चल रहा था और वे दवाइयां लेते थे। उन्हें पहले भी दो बार अटैक आ चुका था। पिछले दो-तीन दिनों से वे ठीक से सो नहीं पा रहे थे। जब होटल में वे लंबी सांसें लेने लगे, तो एम्बुलेंस बुलाकर उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहाँ उनकी मौत हो गई। दोस्तों का दावा है कि प्रिंस को किसी ने नहीं मारा, वह अपनी बीमारी की वजह से दुनिया से गए।
खान सर ने जताई साजिश की आशंका
खान सर ने इस पूरे मामले में मीडिया से संवेदनशील होने की अपील की है और अफवाहों से बचने की सलाह दी है। उन्होंने इस मामले में किसी ‘तीसरी ताकत’ की साजिश की ओर इशारा करते हुए गंभीर मांगें उठाई हैं।
खान सर ने कहा, “इसमें कोई न कोई तीसरा इंसान जरूर साजिश कर रहा है। इतनी अमानवीय हरकत कोई कैसे कर सकता है? इसकी उच्च स्तरीय जांच होनी चाहिए। अगर जांच में कोई दोषी पाया जाता है, तो उसे फांसी से कम की सजा नहीं मिलनी चाहिए।”
नेपाल और बिहार पुलिस इस मामले पर जल्द से जल्द अपना ऑफिशियल स्टेटमेंट जारी करे। प्रिंस यादव की पोस्टमार्टम रिपोर्ट को तुरंत सार्वजनिक किया जाए ताकि मौत का सच सामने आ सके।





