NEET Exam 2026: पेपर लीक रोकने के लिए सरकार का बड़ा फैसला, Telegram पर बैन…

NEET ReExam 2026: केंद्र सरकार ने NEET री-एग्जाम 2026 के मद्देनजर बड़ा कदम उठाते हुए Telegram पर 22 जून तक अस्थायी प्रतिबंध लगा दिया है। NTA ने इस फैसले का स्वागत किया है।

NEET ReExam 2026: नीट (NEET) परीक्षा की शुचिता और निष्पक्षता बनाए रखने के लिए केंद्र सरकार ने एक बेहद सख्त और बड़ा कदम उठाया है। 21 जून को होने जा रही NEET री-एग्जाम (दोबारा परीक्षा) से ठीक पहले सरकार ने मैसेजिंग ऐप टेलीग्राम (Telegram) पर अस्थायी रूप से प्रतिबंध लगा दिया है। सरकारी आदेश के मुताबिक, आगामी 22 जून 2026 तक देश में टेलीग्राम की सेवाएं बाधित रहेंगी और परीक्षा के दिन छात्र इसे बिल्कुल भी एक्सेस नहीं कर पाएंगे।

NTA ने किया फैसले का स्वागत

नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने भारत सरकार के इस फैसले की सराहना की है। NTA के मुताबिक, कुछ धोखाधड़ी करने वाले गिरोह टेलीग्राम का गलत इस्तेमाल कर रहे थे। ये गिरोह प्लेटफॉर्म पर ‘पेपर लीक’ और ‘री-एग्जाम 2026’ जैसे फर्जी नामों से ग्रुप और चैनल बनाकर सीधे-साधे उम्मीदवारों को गुमराह कर रहे थे।

साइबर क्राइम विंग की मदद से चैनलों पर एक्शन

इस मामले में इंडियन साइबर क्राइम कोऑर्डिनेशन सेंटर (I4C) ने सक्रिय भूमिका निभाई है। I4C ने NTA और अलग-अलग राज्यों की पुलिस से मिले इनपुट्स के आधार पर ऐसे कई संदिग्ध टेलीग्राम चैनलों, ग्रुप्स और ऑटोमैटिक बॉट्स को पूरी तरह से ब्लॉक और बंद करवाया है।

एजेंसी का कहना है कि जब एक-एक चैनल पर कार्रवाई करने के बाद भी यह खतरा पूरी तरह खत्म नहीं हुआ, तब जाकर पूरे प्लेटफॉर्म-लेवल पर यह अस्थायी पाबंदी लगाने का फैसला लिया गया।

आधिकारिक जानकारी पर भरोसा करने की अपील

NTA ने सभी NEET उम्मीदवारों को आश्वस्त किया है कि 21 जून 2026 को होने वाला री-एग्जाम अपने तय शेड्यूल के मुताबिक ही होगा। प्रशासन ने पूरी मुस्तैदी के साथ इसकी तैयारियां की हैं। साथ ही, छात्रों और अभिभावकों से अपील की गई है कि वे सोशल मीडिया की किसी भी अफवाह में न आएं और केवल NTA की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी होने वाली सूचनाओं पर ही भरोसा करें।

Back to top button