
Khan Sir News: पटना कोर्ट से खान सर को राहत, अगले आदेश तक गिरफ्तारी पर रोक
Khan Sir News: पटना कोर्ट से खान सर को बड़ी राहत मिली है। पुलिस की केस डायरी सौंपने के बाद कोर्ट ने अगली सुनवाई तक गिरफ्तारी पर रोक बरकरार रखी है।
Khan Sir News: मशहूर कोचिंग शिक्षक खान सर (Khan Sir) को पटना की अदालत से एक बार फिर बड़ी राहत मिली है। पटना के जिला एवं सेशन कोर्ट ने अग्रिम जमानत याचिका (Anticipatory Bail) पर सुनवाई करते हुए खान सर की गिरफ्तारी पर रोक को अगली तारीख तक के लिए बरकरार रखा है।
शनिवार को पटना पुलिस ने इस मामले से जुड़ी अपडेटेड केस डायरी (Case Diary) अदालत को सौंप दी है। जज ने केस डायरी देखने के बाद इस मामले की अगली सुनवाई 25 जून तय की है, तब तक पुलिस खान सर को गिरफ्तार नहीं कर सकेगी।
क्या है पूरा मामला ?
यह पूरा विवाद पटना के मुसल्लहपुर स्थित खान ग्लोबल स्टडीज कोचिंग सेंटर के बाहर बीती 2 जून की रात को हुआ था। बिहार पुलिस सिपाही भर्ती परीक्षा के रिजल्ट का क्रेडिट लेने को लेकर पटना के दो बड़े कोचिंग संस्थानों खान ग्लोबल स्टडीज (Khan Global Studies) और ज्ञान बिंदु एकेडमी (Gyan Bindu Academy) के बीच टकराव हो गया था।
पुलिस की केस डायरी में क्या है दर्ज?
मामले की पिछली सुनवाई में कोर्ट ने पुलिस से केस डायरी के साथ-साथ खान सर के आपराधिक इतिहास की जानकारी मांगी थी। सूत्रों के अनुसार, पुलिस ने जो केस डायरी अदालत में पेश की है, उसमें कई अहम बातें दर्ज हैं.
पुलिस जांच के मुताबिक, 2 जून की रात 10:10 बजे दोनों पक्षों में मारपीट और तोड़फोड़ हुई थी। खान सर के गार्ड्स ने इसके करीब 20 मिनट बाद यानी रात 10:30 बजे फायरिंग की।
पुलिस ने अपनी डायरी में लिखा है कि यह फायरिंग ‘सेल्फ डिफेंस’ (आत्मरक्षा) में नहीं, बल्कि इलाके में दहशत और खौफ फैलाने के लिए की गई थी। गिरफ्तार गार्ड्स ने पुलिस को दिए बयान में कहा था कि उन्होंने खान सर के कहने पर ही गोली चलाई थी।
रौशन आनंद और खान सर के बीच का विवाद
इस मामले में पहली एफआईआर ज्ञान बिंदु एकेडमी के डायरेक्टर रौशन आनंद और उनके साथियों पर दर्ज हुई थी, जिन पर खान सर के सेंटर पर पथराव और गार्ड्स को पीटने का आरोप था। रौशन सर को पुलिस ने गिरफ्तार भी किया था, लेकिन बाद में उन्हें जमानत मिल गई।
इस केस में एक नया मोड़ तब आया जब रौशन आनंद के भाई प्रिंस यादव (जो गिरफ्तारी से बचने के लिए नेपाल भाग गए थे) की विराटनगर के एक होटल में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। रौशन आनंद ने खान सर पर साजिशन हत्या का आरोप लगाया है, हालांकि नेपाल पुलिस अभी इस मामले की जांच कर रही है और किसी आपराधिक साजिश की पुष्टि नहीं हुई है।





