
FIFA World Cup 2026 में बड़ा विवाद! Ryan Mendes पर रेप का आरोप, मचा बवाल
FIFA World Cup 2026 के बीच केप वर्डे (Cape Verde) फुटबॉल टीम के कप्तान रयान मेंडेस (Ryan Mendes) पर एक महिला ट्रांसलेटर ने रेप का गंभीर आरोप लगाया है। जानिए क्या है पूरा मामला।
फीफा वर्ल्ड कप 2026 (FIFA World Cup 2026) के नॉकआउट स्टेज के बीच फुटबॉल जगत से एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है। टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन कर इतिहास रचने वाली केप वर्डे (Cape Verde) टीम के कप्तान रयान मेंडेस (Ryan Mendes) पर रेप का गंभीर आरोप लगा है। इस मामले की जांच फिलहाल न्यूजीलैंड पुलिस कर रही है।
क्या है पूरा मामला?
ब्राजीलियाई मीडिया संस्थान ‘ग्लोबो’ की रिपोर्ट के मुताबिक, यह घटना मार्च 2026 की है। उस समय केप वर्डे की टीम फीफा सीरीज खेलने के लिए न्यूजीलैंड के दौरे पर थी। दौरे के दौरान ब्राजील की एक महिला बतौर ट्रांसलेटर टीम के साथ जुड़ी हुई थी।
महिला का आरोप है कि ऑकलैंड के एक होटल में कप्तान रयान मेंडेस जबरदस्ती उसके कमरे में घुस गए और उसका शारीरिक व यौन उत्पीड़न किया। घटना के बाद स्थानीय पुलिस में इसकी शिकायत दर्ज कराई गई थी। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, महिला की मेडिकल जांच में उसके शरीर, होठों और निजी अंगों पर चोट के निशान भी पाए गए हैं। महिला का यह भी दावा है कि उसने इसकी जानकारी टीम के अधिकारियों को दी थी, लेकिन वहां से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली।
फीफा (FIFA) ने क्या कहा?
इस मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए फीफा ने ‘यूएसए टुडे’ से कहा, “हम किसी भी तरह के दुर्व्यवहार या गलत व्यवहार को बेहद गंभीरता से लेते हैं। इस मामले में हम न्यूजीलैंड के अधिकारियों के संपर्क में हैं। चूंकि अभी जांच चल रही है, इसलिए इस पर अधिक टिप्पणी करना उचित नहीं होगा।”
दूसरी तरफ, इस पूरे विवाद पर केप वर्डे फुटबॉल एसोसिएशन की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
ये भी पढ़े- INDW vs AUSW: ऑस्ट्रेलिया से मिली करारी हार, भारतीय महिला टीम विश्व कप से बाहर
संकट में केप वर्डे की टीम
केप वर्डे की टीम ने इस वर्ल्ड कप में बेहतरीन खेल दिखाते हुए राउंड ऑफ 32 (Round of 32) में जगह बनाई है। 4 जुलाई को उनका मुकाबला दिग्गज टीम अर्जेंटीना से होना है। लेकिन मैच से ठीक पहले कप्तान रयान मेंडेस पर लगे इन आरोपों ने टीम की मुश्किलों को काफी बढ़ा दिया है। हालांकि, कानूनी तौर पर अभी तक रयान पर दोष सिद्ध नहीं हुआ है।
ये भी पढ़े- IND vs IRE: वर्ल्ड चैंपियन भारत की शर्मनाक हार, आयरलैंड ने किया सूपड़ा साफ





