Stock Market: आज शेयर बाजार की मंगलमय शुरुआत, Sensex-Nifty हरे निशान पर

Stock Market Updates: आज मंगलवार का दिन शेयर बाजार के लिए भी मंगलमय रहा. बाजार हरे निशान पर खुला. सेंसेक्स और निफ्टी दोनों ने ही कारोबार की शुरुआत जोरदार तरीके से की.

Stock Market Opening:  ग्लोबल मार्केट से मिल रहे मिले-जुले संकेतों के बीच आज यानी 30 जून 2026 को भारतीय शेयर बाजार की शुरुआत मजबूती के साथ हुई है. शेयर बाजार के दोनों प्रमुख इंडेक्स सेंसेक्स और निफ्टी हरे निशान में खुले हैं. शुरुआती कारोबार में बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का सेंसेक्स (BSE Sensex) 277.14 अंक यानी 0.36 फीसदी की बढ़त के साथ 77,005.51 के स्तर पर खुला.

दूसरी ओर, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी (Nifty 50) भी पीछे नहीं रहा और वह 85.80 अंक यानी 0.35 फीसदी की मजबूती दिखाते हुए 24,032.05 के आंकड़े पर पहुंच गया है.

एशियाई बाजार

आज 30 जून को महीने के आखिरी दिन एशियाई बाजारों में मिला-जुला रुख देखने को मिल रहा है. जापान के निक्केई 225 इंडेक्स में 1.4% की तेजी देखी जा रही है. बाजार खुलने के साथ ही दक्षिण कोरिया के कोस्पी में 1.17% का उछाल देखने को मिला. हालांकि, हांगकांग का हैंगसेंग करीब 0.42% की गिरावट के साथ लाल निशान में कारोबार कर रहा है. ब्रेंट क्रूड की कीमतें घटकर वापस से 72.50 डॉलर प्रति बैरल के स्तर पर आ गई हैं. अमेरिका-ईरान के बीच भी तनाव कम होने की उम्मीदों से निवेशकों का सेंटिमेंट सुधरा है.

अमेरिकी बाजार

कल रात 29 जून के ट्रेडिंग सेशन में अमेरिकी बाजारों में जबरदस्त तेजी देखने को मिली. ब्लू-चिप इंडेक्स डाऊ जोन्स 0.59% की बढ़त के साथ 52182.74 के अपने अब तक के सबसे हाई रिकॉर्ड लेवल पर बंद हुआ. S&P 500 ने भी 1.18% की बढ़त हासिल करते हुए 7440.43 पर बंद होने में कामयाब रहा, जबकि नैस्डैक कम्पोजिट 2.07% उछलकर 25820.14 पर पहुंच गया.

कौन से सेक्टर्स चमके

बाजार में आज सबसे ज्यादा खरीदारी रियल एस्टेट (Nifty Realty) सेक्टर्स में देखी जा रही है, जो करीब 0.54 फीसदी की बढ़त के साथ सबसे आगे चल रहा है. इसके अलावा प्राइवेट बैंक और ऑटो सेक्टर्स में भी 0.45 फीसदी तक की तेजी है. साथ ही केमिकल, सरकारी बैंक, ऑयल एंड गैस, कंज्यूमर ड्यूरेबल्स और हेल्थकेयर शेयरों में भी अच्छी खरीदारी देखने को मिल रही है. दूसरी तरफ, आईटी (Nifty IT) और मेटल (Nifty Metal) सेक्टर्स में मामूली गिरावट दर्ज की गई है, जबकि एफएमसीजी सेक्टर सपाट नजर आ रहा है.

ये हैं आज के टॉप लूजर्स

शुरुआती उतार-चढ़ाव के बीच निफ्टी के कुछ बड़े शेयरों में बिकवाली  देखने को मिल रहा है. इनमें आयशर मोटर्स, टाटा कंज्यूमर प्रोडक्ट्स, हिंडाल्को इंडस्ट्रीज, एचडीएफसी लाइफ इंश्योरेंस, डॉ. रेड्डीज लेबोरेटरीज, मैक्स हेल्थकेयर, एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस, हिंदुस्तान यूनिलीवर और इंफोसिस जैसे बड़े नाम शामिल हैं, जो आज लाल निशान में कारोबार कर रहे हैं.

क्रूड ऑयल

अमेरिका और ईरान के बीच ताजा हमलों की खबरों के बाद दोहा में दोनों के बीच शांति वार्ता के आगे बढ़ने से क्रूड ऑयल की सप्लाई का जोखिम टलता नजर आ रहा है. इसके चलते आज वेस्ट टेक्सास इंटरमीडिएट (WTI) क्रूड फ्यूचर्स 0.62% गिरकर 70.31डॉलर  प्रति बैरल पर ट्रेड कर रहे थे. वहीं, अगस्त डिलीवरी वाले ब्रेंट क्रूड फ्यूचर्स 0.77% गिरकर 72.59 डॉलर पर हैं, जो 75 डॉलर के अहम मनोवैज्ञानिक स्तर से नीचे है. COMEX पर क्रूड की कीमतें 0.75% गिरकर 70.22 डॉलर प्रति बैरल पर ट्रेड कर रही थीं.

Back to top button