
Akhilesh Yadav Birthday: 53वें जन्मदिन पर पूरे यूपी में जश्न, 53 फीट का केक, कृष्ण रूप वाला पोस्टर वायरल
Akhilesh Yadav Birthday: सपा प्रमुख अखिलेश यादव का 53वां जन्मदिन पूरे उत्तर प्रदेश में उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। मुरादाबाद में 53 फीट का केक काटा गया, तो वहीं पार्टी ने ‘PDA पेड़ अभियान’ भी शुरू किया है।
Akhilesh Yadav Birthday: समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव आज अपना 53वां जन्मदिन मना रहे हैं। इस खास मौके पर पूरे उत्तर प्रदेश में सपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों के बीच भारी उत्साह देखने को मिल रहा है। लखनऊ से लेकर वाराणसी और मुरादाबाद तक, हर जगह ढोल-नगाड़ों, भंडारों और पूजा-पाठ के साथ जश्न का माहौल है।
मुरादाबाद में 53 फीट का केक, काशी में कृष्ण रूप
अखिलेश यादव के जन्मदिन को यादगार बनाने के लिए मुरादाबाद की सपा सांसद रुचि वीरा ने 53 फीट लंबा केक कटवाया। जन्मदिन पर एक दिलचस्प तस्वीर सामने आई है। यहाँ सपा कार्यकर्ताओं ने एक खास पोस्टर जारी किया है, जो इस समय काफी चर्चा का विषय बना हुआ है। इस पोस्टर में अखिलेश यादव को भगवान श्रीकृष्ण के रूप में दिखाया गया है। अखिलेश यादव के जन्मदिन के इस खास मौके पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने विधि-विधान से हवन-पूजन भी किया।
View this post on Instagram
सपा ने शुरू किया ‘PDA पेड़ अभियान’
इस जन्मदिन को समाजवादी पार्टी एक सामाजिक संदेश के साथ मना रही है। पार्टी की ओर से ‘PDA पेड़ अभियान’ की शुरुआत की गई है, जो 7 जुलाई तक चलेगा। इस अभियान के तहत पीड़ित, दलित, पिछड़े और अल्पसंख्यक परिवारों को जोड़ते हुए बड़े पैमाने पर वृक्षारोपण किया जाएगा और सामाजिक सद्भाव का संदेश दिया जाएगा।
ये भी पढ़े- रोहित यादव ने भाला फेंक में जीता गोल्ड, वर्ल्ड रैंकिंग में नीरज चोपड़ा से निकले आगे
पीएम मोदी और सीएम योगी ने दी बधाई
अखिलेश यादव के 53वें जन्मदिन पर पक्ष और विपक्ष के तमाम बड़े नेताओं ने उन्हें बधाई दी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर पोस्ट कर लिखा, “प्रभु श्री राम से आपके लिए आरोग्यता और दीर्घायु की प्रार्थना है।” इसके अलावा डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य और बसपा सुप्रीमो मायावती ने भी सपा प्रमुख को जन्मदिन की शुभकामनाएं भेजी हैं।
2024 के लोकसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश में सपा के शानदार प्रदर्शन के बाद, इस बार अखिलेश यादव के जन्मदिन का उत्साह पार्टी कार्यकर्ताओं में दोगुना नजर आ रहा है।
ये भी पढ़े- UP News: यूपी में 29 PCS अधिकारी बने IAS, नियुक्ति विभाग ने जारी किया आदेश





