मानसून में बीमारियों पर लगाम… यूपी सरकार का विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान शुरू

UP News: उत्तर प्रदेश में डेंगू, मलेरिया, चिकनगुनिया और अन्य संचारी रोगों की रोकथाम के लिए शुक्रवार से विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान की शुरुआत कर दी गई। अभियान का शुभारंभ राजधानी लखनऊ स्थित डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान में आयोजित कार्यक्रम के दौरान किया गया। इस अवसर पर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। कार्यक्रम में अपर मुख्य सचिव (स्वास्थ्य) अमित घोष सहित स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल हुए।

राज्य सरकार के इस विशेष अभियान का उद्देश्य बारिश के मौसम में तेजी से फैलने वाले संक्रामक और वेक्टर जनित रोगों पर प्रभावी नियंत्रण करना तथा लोगों को समय रहते बचाव के उपायों के प्रति जागरूक करना है।

31 जुलाई तक चलेगा अभियान
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, 11 जुलाई से 31 जुलाई तक चलने वाले इस अभियान में स्वास्थ्य विभाग की टीमें प्रदेशभर में घर-घर जाकर लोगों से संपर्क करेंगी। इस दौरान बुखार से पीड़ित लोगों की पहचान, डेंगू, मलेरिया, चिकनगुनिया, जापानी इंसेफेलाइटिस और अन्य संचारी रोगों की रोकथाम के लिए सर्वेक्षण, जागरूकता कार्यक्रम और आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

अभियान के दौरान स्थानीय निकायों और अन्य विभागों के सहयोग से साफ-सफाई, जलभराव की रोकथाम, मच्छरों के लार्वा नष्ट करने तथा स्वच्छ वातावरण बनाए रखने पर भी विशेष जोर दिया जाएगा।

जागरूकता वाहनों को दिखाई हरी झंडी
कार्यक्रम के दौरान उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने अभियान से जुड़े स्वास्थ्य कर्मियों और जनजागरूकता वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने कहा कि संचारी रोगों पर प्रभावी नियंत्रण केवल सरकारी प्रयासों से संभव नहीं है, बल्कि इसमें आम जनता की सक्रिय भागीदारी भी आवश्यक है।

उन्होंने कहा कि सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और यह सुनिश्चित करें कि अभियान का लाभ प्रदेश के हर गांव और शहर तक पहुंचे। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अपने घरों और आसपास साफ-सफाई रखें, कहीं भी पानी जमा न होने दें और बुखार या अन्य लक्षण दिखाई देने पर तुरंत सरकारी स्वास्थ्य केंद्र पर जांच कराएं।

यह भी पढ़ें…

Akhilesh Yadav Birthday: 53वें जन्मदिन पर पूरे यूपी में जश्न, 53 फीट का केक, कृष्ण रूप वाला पोस्टर वायरल

कई विभाग मिलकर करेंगे काम
इस अभियान में स्वास्थ्य विभाग के साथ नगर विकास, पंचायती राज, ग्राम्य विकास, शिक्षा, महिला एवं बाल विकास तथा अन्य विभाग भी समन्वय के साथ कार्य करेंगे। विभिन्न क्षेत्रों में सफाई अभियान, फॉगिंग, लार्वा नियंत्रण, पेयजल स्रोतों की निगरानी और जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

यह भी पढ़ें…

रोहित यादव ने भाला फेंक में जीता गोल्ड, वर्ल्ड रैंकिंग में नीरज चोपड़ा से निकले आगे

बारिश के मौसम में बढ़ जाता है खतरा
मानसून के दौरान जलभराव और गंदगी के कारण डेंगू, मलेरिया और चिकनगुनिया जैसे मच्छरजनित रोगों का खतरा बढ़ जाता है। वहीं दूषित पानी और खराब स्वच्छता के कारण कई अन्य संक्रामक बीमारियां भी तेजी से फैल सकती हैं। ऐसे में समय पर सर्वे, रोकथाम और लोगों को जागरूक करना इस अभियान का प्रमुख उद्देश्य है।

स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे अपने घरों और आसपास पानी जमा न होने दें, कूलर और पानी की टंकियों की नियमित सफाई करें, पूरी बांह के कपड़े पहनें, मच्छरदानी का उपयोग करें और किसी भी प्रकार के बुखार या बीमारी के लक्षण दिखाई देने पर स्वयं इलाज करने के बजाय नजदीकी सरकारी स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करें।

यह भी पढ़ें…

UP News: यूपी में 29 PCS अधिकारी बने IAS, नियुक्ति विभाग ने जारी किया आदेश

Back to top button