
Lucknow News: सपा नेता राजेंद्र चौधरी को आया हार्ट अटैक, सिविल अस्पताल में भर्ती
Lucknow News: सपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री राजेंद्र चौधरी को कार्डियक अरेस्ट के बाद लखनऊ के सिविल अस्पताल के ICU में भर्ती कराया गया है। सपा प्रमुख अखिलेश यादव उनका हालचाल जानने अस्पताल पहुंचे।
Lucknow News: समाजवादी पार्टी (सपा) के संस्थापक सदस्यों में से एक और विधान परिषद सदस्य (MLC) राजेंद्र चौधरी की तबीयत अचानक बिगड़ने के बाद उन्हें लखनऊ के श्यामा प्रसाद मुखर्जी (सिविल) अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के मुताबिक, राजेंद्र चौधरी को हार्ट अटैक के बाद कार्डियक अरेस्ट (दिल की धड़कन अचानक रुकना) हुआ है, जिसके बाद उन्हें आईसीयू (ICU) में रखा गया है।
डॉक्टरों की टीम निगरानी में जुटी
अस्पताल के निदेशक डॉ. जी.पी. गुप्ता ने बताया कि उनकी स्थिति को देखते हुए लोहिया संस्थान के कार्डियोलॉजी विभाग के अध्यक्ष प्रोफेसर भुवन चंद्र तिवारी को भी सिविल अस्पताल बुलाया गया है। विशेषज्ञों की पूरी टीम उनके इलाज और जांच में जुटी हुई है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
अस्पताल पहुंचे सपा प्रमुख अखिलेश यादव
राजेंद्र चौधरी की तबीयत खराब होने की जानकारी मिलते ही सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव तुरंत सिविल अस्पताल पहुंचे। उन्होंने डॉक्टरों की टीम से मुलाकात की और पूर्व मंत्री के स्वास्थ्य की पूरी जानकारी ली। चौधरी के अस्पताल में भर्ती होने की खबर मिलते ही सिविल अस्पताल में सपा नेताओं और कार्यकर्ताओं की भीड़ जुटना शुरू हो गई है।
वरिष्ठ समाजवादी नेता राजेंद्र चौधरी को देखने सिविल अस्पताल पहुंचे UP के सबसे बड़े नेता @yadavakhilesh pic.twitter.com/OLMCR5GxkP
— ANIL (@AnilYadavmedia1) July 3, 2026
मुलायम सिंह के रहे हैं बेहद करीबी
राजेंद्र चौधरी लगभग 40 वर्षों से मुलायम सिंह यादव के सबसे भरोसेमंद साथियों में से एक रहे हैं। साल 1977 में पहली बार विधायक बनने वाले राजेंद्र चौधरी अपनी सादगी और राजनीतिक ईमानदारी के लिए जाने जाते हैं। वे लंबे समय तक समाजवादी पार्टी के मुख्य प्रदेश प्रवक्ता भी रहे हैं। फिलहाल पूरा दल और उनके समर्थक उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं।
ये भी पढ़े- BJP उपाध्यक्ष के रोड शो में फंसे अभ्यर्थियों की छूटी TET परीक्षा, आखिर किसकी जिम्मेदारी?





