
UP News: चलती कार में अवैध अल्ट्रासाउंड सेंटर, स्वास्थ्य विभाग और पुलिस का बड़ा एक्शन
UP News: गाजियाबाद में ‘अल्ट्रासाउंड ऑन व्हील्स’ गैंग का भंडाफोड़ हुआ है। पुलिस ने चलती अर्टिगा कार में चाइनीज पोर्टेबल मशीन से अवैध भ्रूण लिंग जांच करने वाले 4 आरोपियों को रंगे हाथ दबोचा।
UP News: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में स्वास्थ्य विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने एक बड़े और बेहद हैरान करने वाले नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। यहां एक चलती अर्टिगा कार के अंदर ‘अल्ट्रासाउंड ऑन व्हील्स’ का खेल चल रहा था। पुलिस ने महामाया स्टेडियम फ्लाईओवर के पास से अवैध भ्रूण लिंग जांच (Fetus Sex Determination) करने की तैयारी कर रहे गिरोह के चार सदस्यों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
मुखबिर की सूचना पर कार की घेराबंदी
स्वास्थ्य विभाग, स्वाट (SWAT) टीम, सर्विलांस और कोतवाली नगर पुलिस को एक सटीक जानकारी मिली थी कि कुछ लोग कार में बैठकर एक गर्भवती महिला का इंतजार कर रहे हैं। टीम ने बिना वक्त गंवाए फ्लाईओवर के पास घेराबंदी की और संदिग्ध अर्टिगा कार को रोक लिया।
कार की तलाशी लेने पर पुलिस की आंखें फटी की फटी रह गईं। कार के भीतर से चीन निर्मित (China-made) पोर्टेबल अल्ट्रासाउंड मशीन, प्रोब, अल्ट्रासाउंड जेल और मशीन को चालू रखने वाला पावर बैकअप उपकरण बरामद हुआ। इसके अलावा मौके से ₹20,000 नकद भी जब्त किए गए।
ये भी पढ़े- UP News: संभल की अरीशा पर क्यों हुई FIR? इंस्टा पर 1 लाख फॉलोअर्स
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान
पुलिस की गिरफ्त में आए चारों आरोपी अलग-अलग जिलों के रहने वाले हैं। संदीप (बागपत का निवासी – मुख्य आरोपी) तस्लीम उर्फ साहिल राणा (बुलंदशहर) सलमान (हापुड़) शाहिद अहमद (नंदग्राम, गाजियाबाद)
जांच में सामने आया है कि गिरोह का मुख्य आरोपी संदीप पुराना अपराधी है। उसके खिलाफ पहले भी गाजियाबाद के टीला मोड़ थाने में भ्रूण लिंग जांच विरोधी कानून (PCPNDT Act) के तहत मामला दर्ज हो चुका है। दोबारा उसकी गिरफ्तारी ने स्वास्थ्य विभाग की मॉनिटरिंग सिस्टम पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
ये भी पढ़े- UP News: हाईप्रोफाइल सेक्स रैकेट का भंडाफोड़; 10-10 हजार में बुलाई थीं लड़कियां
गहन जांच में जुटी पुलिस
कोतवाली नगर की एसीपी (ACP) उपासना पांडेय ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ बीएनएस (BNS), पीसीपीएनडीटी एक्ट-1994 और एनएमसी एक्ट की गंभीर धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब इस बात का पता लगा रही है कि इस गिरोह ने अब तक कितनी महिलाओं की अवैध लिंग जांच की है और इस काले कारोबार का नेटवर्क कहां-कहां फैला हुआ था।
ये भी पढ़े- बहू से दुष्कर्म के आरोप में ससुर गिरफ्तार, साक्ष्यों के आधार पर बढ़ाई गई थीं धाराएं…




