
Ram Mandir: अयोध्या से होगी चंपत राय की विदाई? ट्रस्ट की बैठक में इन नामों पर विचार
Ayodhya Ram Mandir news: अयोध्या राम मंदिर में चढ़ावा चोरी विवाद के बीच श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र की अहम बैठक होने जा रही है। जानें क्या चंपत राय देंगे इस्तीफा और कौन ले सकता है उनकी जगह।
Ayodhya Ram Mandir news: अयोध्या स्थित भव्य राम मंदिर में हाल ही में सामने आए चढ़ावा चोरी विवाद के बीच, आज सोमवार (6 जुलाई) को श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की एक बेहद महत्वपूर्ण और बड़ी बैठक होने जा रही है। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, इस बैठक में काफी समय से विवादों में घिरे ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय और ट्रस्टी अनिल मिश्रा के इस्तीफे पर गंभीरता से चर्चा हो सकती है।
इस हाई-प्रोफाइल बैठक में सबसे बड़ा सवाल यह है कि यदि चंपत राय की विदाई होती है, तो उनकी जगह ट्रस्ट का अगला महासचिव कौन बनेगा।
महासचिव पद की रेस में ये नाम आगे
चंपत राय के विकल्प के तौर पर इस समय तीन नामों की चर्चा राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) और विश्व हिंदू परिषद (VHP) के गलियारों में सबसे तेज है। अजय कुमार नंदी संघ के पूर्व क्षेत्र संघचालक, कृष्णमोहन राम मंदिर ट्रस्ट के मौजूदा सदस्य और बजंरग लाल बांगड़ा विश्व हिंदू परिषद से जुड़े प्रमुख नेता।
नए सदस्यों को शामिल करने पर भी चर्चा
इसके साथ ही, विमलेन्द्र मोहन मिश्रा के दुखद निधन के बाद से ट्रस्ट में एक सदस्य का पद काफी समय से खाली चल रहा है। इस रिक्त पद को भरने के लिए विश्व हिंदू परिषद से जुड़े दो प्रमुख चेहरों राजेन्द्र सिंह पंकज और नीरज दौनेरिया को ट्रस्ट में बतौर सदस्य शामिल करने पर विचार किया जा सकता है।
ये भी पढ़े- राम मंदिर चोरी मामले पर सियासत तेज, कांग्रेस ने भाजपा सरकार से मांगा जवाब…
बैठक के अन्य महत्वपूर्ण बिंदु
-
महंत नृत्य गोपाल दास करेंगे अध्यक्षता: अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास पूरी तरह स्वस्थ हैं और वे खुद इस बैठक की अध्यक्षता कर सकते हैं।
-
SIT की प्रारंभिक रिपोर्ट: बैठक में मंदिर परिसर में कथित हेराफेरी और चढ़ावा चोरी की जांच कर रही विशेष जांच टीम (SIT) की शुरुआती रिपोर्ट को भी पटल पर रखा जाएगा, जिस पर ट्रस्ट के सदस्य आगे की कार्रवाई तय करेंगे।
-
भविष्य का मैनेजमेंट और बजट: बैठक में राम मंदिर के भविष्य के प्रबंधन ढांचे (Management Structure) पर चर्चा होगी। साथ ही, वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए बिना ऑडिट वाली आय-व्यय रिपोर्ट (Un-audited Balance Sheet) को मंजूरी के लिए पेश किया जाएगा।
ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष गोविंद देव गिरि ने इस बैठक की संवेदनशीलता को देखते हुए सभी नियमित और पदेन (ex-officio) सदस्यों को अनिवार्य रूप से चर्चा में मौजूद रहने के लिए कहा है। अब देखना यह होगा कि इस बैठक के बाद अयोध्या राम मंदिर ट्रस्ट में क्या बड़े प्रशासनिक बदलाव देखने को मिलते हैं।
ये भी पढ़े- Ram Mandir chanda chori: आरोपियों से पाई-पाई की होगी रिकवरी; संपत्तियां होंगी जब्त




