
अफगानिस्तान क्रिकेट को बड़ा झटका! पूर्व स्टार तेज गेंदबाज शापूर जादरान का निधन
Shapoor Zadran Passes Away: अफगानिस्तान के पूर्व स्टार तेज गेंदबाज शापूर जादरान का 38 वर्ष की उम्र में निधन हो गया है। वे लंबे समय से भारत के ग्रेटर नोएडा में एक दुर्लभ बीमारी (HLH) का इलाज करवा रहे थे।
Shapoor Zadran Passes Away: अफगानिस्तान क्रिकेट टीम के पूर्व स्टार तेज गेंदबाज शापूर जादरान का मंगलवार को भारत में निधन हो गया। वह महज 38 वर्ष के थे। शापूर लंबे समय से ‘हेमोफैगोसिटिक लिम्फोहिस्टियोसाइटोसिस’ (HLH) नाम की एक बेहद दुर्लभ और गंभीर बीमारी से जूझ रहे थे। दिल्ली-एनसीआर के ग्रेटर नोएडा स्थित एक अस्पताल में इलाज के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली।
क्रिकेट बोर्ड ने जताया दुख
अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड (ACB) ने सोशल मीडिया पर इस दुखद खबर की पुष्टि करते हुए दिग्गज गेंदबाज को श्रद्धांजलि दी। बोर्ड ने अपने बयान में कहा कि शापूर के असमय जाने से अफगान क्रिकेट ने अपना एक ऐतिहासिक और महत्वपूर्ण सितारा खो दिया है।
إِنَّا لِلّهِ وَإِنَّـا إِلَيْهِ رَاجِعُونَ
With profound grief and deep sorrow, the Afghanistan Cricket Board mourns the passing of former Afghanistan fast bowler Shapoor Zadran.
Shapoor Zadran was one of the foundation-laying figures of Afghanistan cricket, whose dedication,… pic.twitter.com/iPIAJ6HLkq
— Afghanistan Cricket Board (@ACBofficials) July 7, 2026
अफगान क्रिकेट को दिलाया था बड़ा मुकाम
शापूर जादरान उन शुरुआती खिलाड़ियों में से थे जिन्होंने अफगानिस्तान को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मानचित्र पर पहचान दिलाई। अपनी आक्रामक बाएं हाथ की तेज गेंदबाजी के लिए मशहूर शापूर ने साल 2009 से 2020 के बीच देश के लिए 80 अंतरराष्ट्रीय मैच (44 वनडे और 36 टी-20) खेले। उन्होंने टीम को आईसीसी वनडे और टी-20 वर्ल्ड कप के लिए क्वालीफाई कराने में ऐतिहासिक भूमिका निभाई थी।
ये भी पढ़े- MS Dhoni: क्रिकेट का ‘अल्टीमेट बॉस’ 45 का हुआ: जानिए MS Dhoni के सबसे बड़े रिकॉर्ड्स
भारत में चल रहा था लंबा इलाज
शापूर के परिवार के मुताबिक, वे पिछले साल अक्टूबर से ही बीमार चल रहे थे। डॉक्टरों की सलाह पर उन्हें बेहतर इलाज के लिए भारत लाया गया था, जहां ग्रेटर नोएडा के अस्पताल में उनका इलाज जारी था। इस साल मई में उनके साथी खिलाड़ी राशिद खान और मोहम्मद नबी भी उनसे मिलने अस्पताल पहुंचे थे और उनके जल्द ठीक होने की दुआ की थी। उनके निधन के बाद दुनिया भर के क्रिकेट प्रेमियों और खिलाड़ियों में शोक की लहर है।
ये भी पढ़े- FIFA World Cup 2026: रोनाल्डो का वर्ल्ड कप जीतने का सपना चकनाचूर, पुर्तगाल विश्व कप से बाहर





