
Stock Market: ट्रंप की धमकियों से नहीं डरा शेयर बाजार, सेंसेक्स-निफ्टी ने भरी उड़ान
Stock Market Today: ईरान और अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव के बावजूद 9 जुलाई को भारतीय शेयर बाजार में इसका खास असर देखने को नहीं मिल रहा है. शेयर बाजार ने मजबूत शुरुआत की है.
Stock Market Today: वैश्विक तनाव के बावजूद आज भारतीय शेयर बाजार की ओपेनिंग ग्रीन रही. बीएसई का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 72 अंकों की तेजी के साथ 76571 पर कारोबार की शुरुआत की, जबकि निफ्टी 50 46 अंक चढ़कर 23928 के लेवल पर खुला. कल शेयर बाजार में भारी गिरावट आई थी. सेंसेक्स 1677 अंक टूटकर 76503.60 पर बंद हुआ. वहीं, निफ्टी की क्लोजिंग 516.65 अंक नीचे 23882.05 हुई थी.
आज देश की सबसे बड़ी आईटी कंपनी TCS कारोबारी साल 2027 की पहली तिमाही के नतीजे का ऐलान करेगी, जिसका असर आज पूरे आईटी सेक्टर पर दिखेगा.
टॉप गेनर और लूजर
आज के कारोबारी सत्र में निफ्टी50 का एडवांस-डिक्लाइन रेशियो 37:13 है यानी इंडेक्स के 37 शेयरों में खरीदारी, जबकि 13 में बिकवाली हावी है। निफ्टी के टॉप गेनर में इटरनल, भारती एयरटेल, सन फार्मा, नेस्ले इंडिया और टाटा कंज्यूमर प्रोडक्ट्स हैं। वहीं, टॉप लूजर में इंफोसिस, हिंडाल्को, डॉ रेड्डीज, टीसीएस और एचसीएल टेक शामिल हैं।
कच्चे तेल की कीमत
कच्चे तेल की कीमत में आज भी तेजी आई है। ब्रेंट क्रूड फ्यूचर $79 प्रति बैरल के करीब पहुंच गया। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कल कहा कि ईरान के साथ अंतरिम समझौता खत्म हो गया है। इससे पश्चिम एशिया में तनाव फिर से बढ़ने की आशंका पैदा हो गई है। ब्रेंट क्रूड अभी 1.15 फीसदी तेजी के साथ 78.92 डॉलर प्रति बैरल पर ट्रेड कर रहा है।
एशियाई बाजार
भू-राजनीतिक तनाव के बावजूद आज एशियाई बाजारों में मजबूत रिकवरी देखी जा रही. सुबह के शुरुआती कारोबार में दक्षिण कोरिया का कोस्पी 3.8% की तेजी से बढ़ा. पिछले सेशन में भारी गिरावट के बाद अब इसने अच्छा बाउंसबैक किया है. जापान का बेंचमार्क निक्केई 225 भी 2.3% की तेजी के साथ कारोबार कर रहा है. टॉपिक्स में भी 0.44% का उछाल आया है. स्मॉल-कैप कोस्डैक में भी 4.23% की बढ़त देखी जा रही है. चीन का बेंचमार्क इंडेक्स शंघाई कम्पोजिट भी 0.17% की बढ़त के साथ हरे निशान पर खुला. अमेरिकी बाजार में चिपमेकर कंपनी SK Hynik की धमाकेदार लिस्टिंग से टेक सेक्टर में दोबारा से निवेशक दांव लगा रहे हैं. इससे बाजार को मजबूती मिली है.
अमेरिकी बाजार
कल अमेरिकी शेयर बाजार गिरावट के साथ बंद हुए. डाऊ जोन्स इंडस्ट्रियल एवरेज इंडेक्स 576.76 अंक या 1.09% गिरकर 52348.39 पर बंद हुआ. S&P 500 में 0.28% की गिरावट आई और इसकी क्लोजिंग 7482.71 पर हुई. हालांकि, इन सबके विपरीत नैस्डैक कम्पोजिट ने 0.2% की बढ़त हासिल की और 25,870.65 पर बंद हुआ. कल वॉल स्ट्रीट में Broadcom में लगभग 5% और दिग्गज टेक कंपनी Nvidia में 3.65% की शानदार तेजी दर्ज की गई. इसने पूरे नैस्डैक इंडेक्स काे हरे निशान पर बनाए रखा.





