
लखनऊ में आज आंधी के साथ होगी बरसात; IMD ने 30 जिलों के लिए जारी किया अलर्ट
Lucknow Weather Alert: लखनऊ में बुधवार को सीजन की सबसे ज्यादा 18.4 मिमी बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग ने आज भी 30-40 किमी/घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और भारी बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है।
Lucknow Weather Alert: नवाबों के शहर लखनऊ में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है। पिछले कई दिनों से जारी भीषण गर्मी और उमस से परेशान लखनऊ वासियों को आखिरकार राहत मिल गई है। बुधवार को लखनऊ में इस सीजन की सबसे अधिक 18.4 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, जिसने मौसम को बेहद सुहाना बना दिया है।
आज सुबह से ही आसमान में घने बादल छाए हुए हैं और शहर के कई इलाकों में रुक-रुककर बूंदाबादी का दौर जारी है। मौसम विभाग (IMD) ने लखनऊ और आसपास के क्षेत्रों के लिए बारिश और तेज हवाओं का यलो अलर्ट (Yellow Alert) जारी किया है।
चलेंगी तेज हवाएं
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, दिन में बादलों की आवाजाही के बीच तेज आंधी और झमाझम बारिश होने की पूरी संभावना है। इस दौरान शहर में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। मौसम विभाग का अनुमान है कि आज लखनऊ का अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा।
कम बरस रहे बादल
मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार, इस समय मानसून पूरी तरह से सक्रिय (Active) है, जिसकी वजह से अधिकतम और न्यूनतम तापमान के बीच का अंतर काफी कम हो गया है।
हालांकि, आंकड़ों पर नजर डालें तो लखनऊ में इस साल मानसून की बारिश अब भी कोटे से काफी पीछे है। 1 जून से लेकर 8 जुलाई तक लखनऊ में सामान्य तौर पर औसत 133 मिलीमीटर बारिश होनी चाहिए थी, लेकिन अब तक केवल 51.9 मिलीमीटर बारिश ही दर्ज की गई है। यह सामान्य से लगभग 61 फीसदी कम है।
भारी बारिश के आसार
मौसम विभाग ने राहत की खबर देते हुए बताया है कि लखनऊ में 12 जुलाई तक लगातार बारिश का सिलसिला बना रहेगा। विशेषकर 10 जुलाई को लखनऊ और आसपास के इलाकों में भारी बारिश होने की सबसे ज्यादा संभावना जताई गई है। इसके बाद 12 जुलाई से धीरे-धीरे मौसम साफ होने लगेगा।
पूर्वी उत्तर प्रदेश के वाराणसी, गोरखपुर, देवरिया, बलिया, आजमगढ़, प्रयागराज, अयोध्या और आसपास के जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है।
वहीं, पश्चिमी उत्तर प्रदेश के मेरठ, हापुड़, नोएडा, गाजियाबाद, मुजफ्फरनगर, सहारनपुर, बागपत, आगरा और आसपास के क्षेत्रों में भी तेज बारिश के साथ आंधी चलने की संभावना जताई गई है। वर्षा के कारण तापमान में सात डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आएगी।





