
UP News: सांसद की बैठक के बाद आपस में भिड़े सपाई, जमकर चले लात-घूंसे; वीडियो वायरल
UP News: आगरा में समाजवादी पार्टी के कार्यालय पर बलिया सांसद सनातन पांडेय की बैठक के दौरान नेताओं के बीच जमकर मारपीट हुई। इस विवाद का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है।
UP News: उत्तर प्रदेश के आगरा (ताजनगरी) स्थित समाजवादी पार्टी कार्यालय पर अनुशासन की धज्जियां उड़ गईं। बुधवार को बलिया से सपा सांसद सनातन पांडेय की मौजूदगी में आयोजित एक बैठक के तुरंत बाद पार्टी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों के बीच जमकर लात-घूंसे चले। इस घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
क्या है पूरा मामला?
ताजनगरी फेज-टू स्थित सपा कार्यालय पर बुधवार को ब्राह्मण समाज को पार्टी की विचारधारा से जोड़ने के लिए ‘ब्राह्मण सम्मान गोष्ठी’ आयोजित की गई थी। इस बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में बलिया के लोकसभा सांसद सनातन पांडेय मौजूद थे। बैठक में आगरा के अलावा मथुरा और फिरोजाबाद जैसे आसपास के जिलों के पदाधिकारी भी शामिल होने पहुंचे थे।
आगरा में समाजवादी पार्टी की बैठक कुछ इस प्रकार संपन्न हुई… pic.twitter.com/pSlnTon5gk
— Ajay Kumar Dwivedi… (@AjayDwi65357304) July 8, 2026
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गोष्ठी समाप्त होते ही मथुरा के सपा जिलाध्यक्ष वीरेंद्र यादव और मुलायम सिंह यूथ ब्रिगेड के पूर्व जिलाध्यक्ष राघवेंद्र ठाकुर (तोमर) के बीच किसी बात को लेकर बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते यह बहस गाली-गलौज और हाथापाई में बदल गई।
कार्यालय से लेकर सड़क तक हुआ हंगामा
विवाद इतना बढ़ गया कि पार्टी दफ्तर के अंदर शुरू हुई मारपीट सड़क तक पहुंच गई। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में राघवेंद्र यह कहते हुए सुने जा रहे हैं, “जिलाध्यक्ष है तो गाली देगा क्या?” आरोप है कि जिलाध्यक्ष और उनके साथियों ने राघवेंद्र के साथ मारपीट की, जिसके बाद उन्हें इलाज के लिए मथुरा के अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। घटना के दौरान आगरा के स्थानीय कार्यकर्ताओं ने बीच-बचाव कर मामले को शांत कराया।
ये भी पढ़े-लखनऊ का रिटायर्ड ARTO निकला ‘कुबेर’, बाराबंकी-रायबरेली में भी बनाई प्रॉपर्टी
सांसद और जिलाध्यक्ष ने जताई नाराजगी
इस पूरे घटनाक्रम पर आगरा के सपा जिलाध्यक्ष उदय सिंह कुशवाहा और सांसद सनातन पांडेय ने गहरी नाराजगी जताई है। दोनों नेताओं ने स्पष्ट किया कि पार्टी कार्यालय पर इस तरह की अनुशासनहीनता किसी भी कीमत पर स्वीकार्य नहीं की जाएगी और दोषी कार्यकर्ताओं के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।
ये भी पढ़े-Lucknow News: ‘हॉस्टल नहीं, जेल है कॉलेज…’ लखनऊ में MBBS के छात्रों का फूटा गुस्सा





