
नाबालिग से छेड़छाड़ के आरोप में TV एक्टर गिरफ्तार, POCSO के तहत केस दर्ज
Rohit Chandel Arrested: टीवी एक्टर रोहित चंदेल को मुंबई पुलिस ने 16 साल की नाबालिग लड़की का पीछा करने और मारपीट के आरोप में गिरफ्तार किया है। एक्टर पर POCSO Case के तहत मामला दर्ज हुआ है।
TV Actor Rohit Chandel Arrested: टीवी इंडस्ट्री से एक बेहद चौंकाने वाली खबर सामने आई है। ‘पांड्या स्टोर’ और ‘काशीबाई बाजीराव बल्लाल’ जैसे मशहूर टीवी सीरियल्स में नजर आ चुके एक्टर रोहित चंदेल (Rohit Chandel) को मुंबई पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। 29 वर्षीय अभिनेता पर एक 16 साल की नाबालिग लड़की का पीछा करने, उसे परेशान करने, बार-बार फोन करने और उसके साथ मारपीट करने का गंभीर आरोप लगा है। पुलिस ने इस मामले में एक्टर के खिलाफ पॉक्सो (POCSO) एक्ट के तहत केस दर्ज किया है।
दहिसर स्थित घर से हुई गिरफ्तारी
मुंबई की पंत नगर पुलिस ने शुक्रवार, 10 जुलाई 2026 को रोहित चंदेल को उनके दहिसर स्थित घर से गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद उन्हें एक स्पेशल पॉक्सो कोर्ट में पेश किया गया, जहां से अदालत ने उन्हें पुलिस कस्टडी (हिरासत) में भेज दिया है।
क्या है पूरा मामला?
पूर्वी उपनगर (Eastern Suburbs) में रहने वाली पीड़ित नाबालिग लड़की ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के मुताबिक रोहित चंदेल लड़की को अपने और कई अन्य अलग-अलग फोन नंबरों से बार-बार कॉल करके परेशान कर रहे थे।
बीते 5 जुलाई को एक्टर ने लड़की को उसकी रेजिडेंशियल बिल्डिंग के पास जबरन रोका और उसका पीछा किया।इस दौरान दोनों के बीच बहस हुई, जिसमें रोहित ने लड़की को गालियां दीं और उसके साथ कथित तौर पर मारपीट भी की।
ये भी पढ़े- Kushal Tandon ने शिवांगी जोशी को किया चीट? एक्टर की बहन ने दिया मुंहतोड़ जवाब
पुलिस ने इन धाराओं में दर्ज किया केस
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपी रोहित चंदेल और पीड़ित लड़की पहले से एक-दूसरे को जानते थे। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की। रोहित के खिलाफ ‘प्रोटेक्शन ऑफ चिल्ड्रन फ्रॉम सेक्सुअल ऑफेंसेज’ (POCSO) एक्ट के साथ-साथ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 78 (पीछा करना) और धारा 115(2) (स्वेच्छा से चोट पहुंचाना) के तहत मामला दर्ज किया है। मामले की आगे की जांच जारी है।
इस पूरे विवाद पर अभी तक रोहित चंदेल या उनकी पीआर/लीगल टीम की तरफ से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। रोहित को हाल ही में टीवी शो ‘सैराब’ में भी देखा गया था।
ये भी पढ़े- Raghav Juyal: कंफर्म हुआ शहनाज-राघव का रिश्ता? हाथों में हाथ डाले दिखा रूमर्ड कपल





