
घर पर बनाएं रेस्टोरेंट जैसी हरी चटनी, नोट करें शेफ के ये सीक्रेट टिप्स
Restaurant Style Green Chutney: बारिश के मौसम में पकौड़े और सैंडविच का स्वाद दोगुना करना है, तो घर पर इन 3 आसान शेफ टिप्स से बनाएं रेस्टोरेंट जैसी परफेक्ट और गाढ़ी हरी चटनी।
Restaurant Style Green Chutney: बारिश का मौसम में गरमा-गरम पकौड़े, ब्रेड पकौड़े या सैंडविच न बनें, ऐसा तो हो ही नहीं सकता। रिमझिम फुहारों के बीच इन स्नैक्स का असली मजा तब आता है, जब साथ में तीखी और चटपटी हरी चटनी (Green Chutney) सर्व की जाए। अक्सर लोग शिकायत करते हैं कि घर पर रेस्टोरेंट जैसी गाढ़ी और चमकदार हरी चटनी नहीं बन पाती, या फिर पीसने के कुछ देर बाद ही उसका रंग काला या डार्क होने लगता है।
आज हम आपके साथ शेयर करने जा रहे हैं शेफ के वो 3 सीक्रेट किचन टिप्स, जिन्हें अपनाकर आप घर पर ही एकदम परफेक्ट रेस्टोरेंट स्टाइल हरी चटनी (Restaurant Style Green Chutney) तैयार कर सकते हैं।
रेस्टोरेंट जैसी हरी चटनी बनाने के 3 धांसू टिप्स (Chef Secret Tips for Green Chutney)
1. धनिया-पुदीना के साथ मिलाएं यह जादुई चीज
चटनी बनाने के लिए हमेशा सही अनुपात (Ratio) का होना बहुत जरूरी है। अगर आप 150 ग्राम हरा धनिया ले रहे हैं, तो उसमें केवल 50 से 75 ग्राम पुदीने के पत्ते ही डालें। पुदीने का फ्लेवर बहुत ज्यादा स्ट्रांग होता है, इसलिए इसे अधिक मात्रा में डालने से चटनी का स्वाद कड़वा हो सकता है।

शेफ की स्पेशल टिप: चटनी को एकदम परफेक्ट और ब्राइट हरा रंग देने के लिए शेफ इसमें लगभग 50 ग्राम पालक के पत्ते भी मिलाते हैं। साथ ही, ध्यान रखें कि धनिया चुनते समय मोटी डंठल का इस्तेमाल न करें, केवल सॉफ्ट डंठल और पत्तियां ही लें।
2. पत्तों को ब्लैंच (Blanch) करना है सबसे जरूरी
घर पर चटनी का रंग काला पड़ने का सबसे बड़ा कारण यह है कि हम पत्तों को सीधे मिक्सर में पीस देते हैं। रेस्टोरेंट जैसा लुक पाने के लिए एक बाउल में धनिया, पुदीना और पालक के पत्तों को लें। अब इसके ऊपर खौलता हुआ गर्म पानी डालें और सिर्फ 30 सेकंड के लिए छोड़ दें। इसके तुरंत बाद पत्तों को निकालें और बर्फ वाले ठंडे पानी में डाल दें। इस प्रोसेस को ‘ब्लैंचिंग’ कहते हैं। इससे पत्तों का नेचुरल हरा रंग लॉक हो जाता है और चटनी दो दिनों तक भी काली नहीं पड़ती।

3. पीसते समय पानी की जगह करें इसका इस्तेमाल
चटनी को पीसते समय मिक्सी के जार में धनिया, पुदीना, पालक, 2 हरी मिर्च, 1 इंच अदरक का टुकड़ा, 1 छोटा प्याज, थोड़ा सा साबुत जीरा, लहसुन की कलियां और स्वादानुसार काला नमक डालें।

सीक्रेट इंग्रीडिएंट: चटनी को पीसते समय सादे पानी की जगह बर्फ के टुकड़ों (Ice Cubes) का इस्तेमाल करें। मिक्सी चलने पर जो हीट पैदा होती है, बर्फ उसे कम करती है जिससे चटनी का रंग खराब नहीं होता। अगर आप चाहें तो इसमें 2 चम्मच फ्रेश दही भी मिला सकते हैं, इससे चटनी को क्रीमी टेक्सचर और बेहतरीन स्वाद मिलता है।

स्मार्ट किचन हैक: चटनी में हमेशा सादे नमक के साथ थोड़ा सा काला नमक और नींबू का रस जरूर मिलाएं। यह चटनी के स्वाद को बैलेंस करता है और इसे लंबे समय तक फ्रेश रखता है।
अब आपकी लाजवाब, तीखी और चटपटी रेस्टोरेंट स्टाइल हरी चटनी तैयार है। इस मानसून में इसे अपने मनपसंद पकौड़ों, सैंडविच या कबाब के साथ पेयर करें और तारीफें बटोरें!
Disclaimer: यह लेख केवल सामान्य जानकारी और कुकिंग टिप्स पर आधारित है।




