
Stock Market: खुलते ही शेयर बाजार में तेजी, फाइनेंस और ऑटो सेक्टर्स में रौनक
Stock Market Today: पश्चिम एशिया में तनाव के बावजूद भारतीय शेयर बाजार बढ़त के साथ खुले हैं, और निफ्टी और सेंसेक्स तेजी के साथ कारोबार कर रहे हैं।
Stock Market Today: पश्चिम एशिया में बढ़ते सैन्य और भू-राजनीतिक तनाव और कच्चे तेल की कीमतों में उछाल के बावजूद आज, 15 जुलाई 2026 को भारतीय शेयर बाजार की शुरुआत जोरदार तेजी के साथ हुई है. बाजार खुलते ही सेंसेक्स और निफ्टी दोनों प्रमुख इंडेक्स सेंसेक्स-निफ्टी हरे निशान में कारोबार करते नजर आए.
बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का प्रमुख इंडेक्स सेंसेक्स (Sensex) करीब 410 अंक उछलकर 77,464 के स्तर पर पहुंच गया. वहीं दूसरी ओर, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी (Nifty) भी 120 अंकों की बढ़त के साथ 24,172 के पार निकल गया. इस बंपर ओपनिंग से निवेशकों में भारी उत्साह देखा जा रहा है. लार्जकैप शेयरों के साथ-साथ आज मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में भी अच्छी खरीदारी देखने को मिल रही है.
एशियाई बाजार
आज बुधवार को एशियाई बाजार बढ़त के साथ खुले. शुरुआती कारोबार में बाजार में शानदार तेजी देखने को मिली. जापान का बेंचमार्क 225 इंडेक्स 0.6% चढ़ा, टॉपिक्स में भी 0.53% का उछाल आया. दक्षिण कोरिया के कोस्पी ने 6.5% की शानदार बढ़त हासिल की.हांगकांग का हैंगसेंग भी 0.52% की बढ़त के साथ 24340.73 पर पॉजिटिव बना हुआ है.
अमेरिका में जून महीने की हेडलाइन रिटेल महंगाई दर (CPI) गिरकर 3.5% पर आ गई है, जो लगाए गए 3.8% के अनुमान से काफी कम है. इस गिरावट ने फेडरल रिजर्व द्वारा जुलाई में ब्याज दरें बढ़ाए जाने की संभावना काफी कम हो गई है, जिससे निवेशकों का सेंटिमेंट मजबूत हुआ है.
फाइनेंस और ऑटो सेक्टर्स में रौनक
सेक्टोरल इंडेक्स पर नजर डालें तो आज सुबह के कारोबार में बाजार की इस तेजी को फाइनेंशियल सर्विसेज और बैंकिंग शेयरों ने लीड किया है. इसके अलावा निफ्टी प्राइवेट बैंक, निफ्टी ऑटो, निफ्टी पीएसयू बैंक, निफ्टी डिफेंस, मैन्युफैक्चरिंग, कंज्यूमर ड्यूरेबल्स और रियल्टी सेक्टर्स भी मजबूती के साथ हरे निशान में टिके हुए हैं. फाइनेंशियल सर्विसेज में सबसे ज्यादा 1.08% की तेजी दर्ज की गई है.
इसके अलावा ऑटो सेक्टर 0.90% और बैंकिंग सेक्टर 0.83% की बढ़त के साथ बाजार को सहारा दे रहे हैं. हालांकि, इस चौतरफा तेजी के बीच IT सेक्टर में आज सुस्ती देखी जा रही है और निफ्टी IT करीब 1.51% तक टूट चुका है.
इन शेयरों में रही बंपर तेजी
सेंसेक्स पैक के शेयरों की बात करें तो बजाज फाइनेंस, एक्सिस बैंक, इंडिगो, अल्ट्राटेक सीमेंट, एशियन पेंट्स, आईसीआईसीआई बैंक, बजाज फिनसर्व और एसबीआई जैसी कंपनियों के शेयरों में सबसे ज्यादा मुनाफा देखा गया.
वहीं, आईटी दिग्गज टीसीएस (TCS), इन्फोसिस (Infosys), टेक महिंद्रा के साथ-साथ पावर ग्रिड, एनटीपीसी और टाटा स्टील के शेयर आज नुकसान (लूजर्स) में कारोबार कर रहे हैं.
क्रूड ऑयल
आज लगातार तीसरे दिन क्रूड ऑयल की कीमतों में उछाल आया है. ब्रेंट क्रूड 1.72% उछलकर 86.19 डॉलर प्रति बैरल के स्तर पर पहुंच चुका है. वहीं, वेस्ट टेक्सास इंटरमीडिएट (WTI) क्रूड 1.40% की तेजी के साथ 80.40 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया है. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा ईरान के बंदरगाहों पर नौसैनिक नाकेबंदी लागू करने की घोषणा के बाद से बाजार में फिर से अनिश्चतता पैदा हो गई है.





