
PV Sindhu का कमाल! Japan Open 2026 के फाइनल में पहुंचकर रचा इतिहास
दो बार की ओलंपिक मेडलिस्ट पीवी सिंधु आखिरकार शानदार फॉर्म में वापस आ गई हैं. दो सालों में पहली बार सिंधु किसी बीडब्ल्यूएफ टूर्नामेंट के फाइनल में पहुंची हैं.
Japan Open 2026: भारतीय बैडमिंटन की स्टार खिलाड़ी और ओलंपिक पदक विजेता पीवी सिंधु (PV Sindhu) ने इतिहास रच दिया है। जापान ओपन सुपर 750 (Japan Open 2026) टूर्नामेंट में अपनी तूफानी फॉर्म जारी रखते हुए सिंधु ने महिला सिंगल्स के फाइनल में प्रवेश कर लिया है।
शनिवार को खेले गए एक बेहद रोमांचक सेमीफाइनल मुकाबले में सिंधु ने चीन की दिग्गज खिलाड़ी और टोक्यो ओलंपिक चैंपियन चेन युफेई (Chen Yufei) को मात दी। सिंधु के करियर में यह पहला मौका है जब उन्होंने जापान ओपन के फाइनल का टिकट कटाया है।
सिंधु ने तोड़ा हार का सिलसिला
शनिवार को खेले गए इस सेमीफाइनल मुकाबले में पीवी सिंधु शुरुआत से ही शानदार लय में नजर आईं। उन्होंने पहले गेम से ही चीनी शटलर पर दबाव बनाना शुरू कर दिया। दोनों में कांटे की टक्कर रही। स्कोर 19-19 होने पर सिंधु ने अनुभव से लगातार 2 अंक जीतकर गेम नाम किया। इस दौरान 51 शॉट्स की लंबी रैली आकर्षण रही। सिंधु ने शुरुआत से दबदबा बनाया और 11-7 की बढ़त ली।
इसके बाद स्कोर जब 15-10 था, तब चेन युफेई हैमस्ट्रिंग इंजरी के कारण मैच से हट गईं। सिंधु को विनर घोषित किया गया। इस जीत के साथ ही सिंधु ने चेन युफेई के खिलाफ लगातार 5 मैचों से मिल रही हार का सिलसिला तोड़ दिया।
2 साल बाद किसी बड़े BWF टूर फाइनल में एंट्री
पीवी सिंधु ने दिसंबर 2024 में सैयद मोदी इंटरनेशनल का खिताब जीता था, जिसके बाद से वह किसी BWF टूर के फाइनल में नहीं पहुंच सकी थीं। इस तरह लगभग दो साल के लंबे इंतजार के बाद सिंधु किसी बड़े खिताब को जीतने के बेहद करीब पहुंच गई हैं। वह जापान ओपन के फाइनल में पहुंचने वाली पहली भारतीय शटलर भी बन गई हैं।
फाइनल में किससे होगी भिड़ंत?
खिताबी मुकाबले (Final) में पीवी सिंधु का सामना जापान की स्टार खिलाड़ी अकाने यामागुची (Akane Yamaguchi) से होगा। भारतीय फैंस को उम्मीद है कि सिंधु अपनी इस शानदार फॉर्म को बरकरार रखते हुए लंबे समय बाद एक बड़ा अंतरराष्ट्रीय खिताब देश के नाम करेंगी।





