कोरोना: नए मामलों में लगातार इजाफा, 24 घंटे में 44,643 केस; केरल ने बढ़ाई चिंता

नई दिल्ली। भारत में कोरोना के दैनिक मामलों की रफ्तार बढ़ती जा रही है। लगातार चौथे दिन नए केसों की संख्या 40 हजार से अधिक दर्ज की गई है। हालांकि इनमें लगभग आधे मामले सिर्फ केरल से हैं।
स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक, बीते 24 घंटे में 44,643 नए मामलों की पुष्टि हुई है। इनमें से अकेले केरल से 22,040 नए मामले सामने आए। केरल में अब तक 34.93 लाख लोग इस बीमारी से संक्रमित हो चुके हैं। पिछले घंटों में पूरे देश में 464 लोगों की मौत कोरोना के चलते हुई है।
आंकड़ों के मुताबिक अब तक 3,1856757 मामले सामने आ चुके हैं। वहीं, देश में अब 4,14,159 सक्रिय मामले हैं, जो कि करीब 1.30 प्रतिशत है। देश में अब तक 3,1015844 लोगों की रिकवरी हो चुकी है।
भारत में अब तक 4,26,754 लोग कोरोना के कारण अपनी जान गंवा चुके हैं। बीते 24 घंटे में 41,096 मरीजों ने कोरोना महामारी को मात दी है। बीते 11 दिनों के आंकड़ों पर गौर करें तो 2.72 प्रतिशत की दर से मामले लगातार बढ़ रहे हैं।
स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि देश में कोरोना वायरस का रिकवरी रेट अब 97.36% है और दैनिक पॉजिटिविटी रेट 2.72% है।
इसके साथ ही देश में पिछले 24 घंटों में कोरोना वायरस की 57,97,808 वैक्सीन लगाई गईं, जिसके बाद कुल वैक्सीनेशन का आंकड़ा 49,53,27,595 हो गया है।
इसके साथ-साथ टेस्टिंग क्षमता में भी इजाफा हुआ है। महामारी के सामने आने के बाद देश में अब तक कुल 47.65 करोड़ सैंपल की जांच की गई है।





