
Ayodhya News: बारिश में झरने की तरह बहने लगीं राम दरबार की सीढ़ियां, दर्शन रोका गया
अयोध्या में तेज बारिश के चलते राम मंदिर के राम दरबार की सीढ़ियों पर पानी बहने लगा, जिससे सीढ़ियां झरने जैसी नजर आने लगीं। सुरक्षा के मद्देनजर श्रद्धालुओं के दर्शन को रोका गया।
Ayodhya Ram Mandir: धर्मनगरी अयोध्या में मंगलवार दोपहर मौसम बदलने के बाद हुई तेज मूसलाधार बारिश ने एक बार फिर व्यवस्थाओं की पोल खोल दी है। भव्य राम मंदिर परिसर में अचानक पानी भर गया, जिससे राम दरबार की ओर जाने वाली सीढ़ियां किसी झरने की तरह बहती नजर आईं।
सीढ़ियों पर पानी का तेज बहाव देखकर सुरक्षाकर्मियों ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए राम दरबार की तरफ जाने से रोक दिया। इसके कारण कुछ समय के लिए दर्शन प्रक्रिया प्रभावित रही।
सीढ़ियों से प्रांगण में बहता रहा पानी
मंगलवार दोपहर लगभग 45 मिनट तक हुई झमाझम बारिश के दौरान राम मंदिर में दर्शन करने पहुंचे श्रद्धालुओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
दर्शन कर बाहर निकले एक श्रद्धालु ने बताया कि बारिश के समय जब वे सामान्य सीढ़ियों से राम दरबार की ओर ऊपर बढ़ रहे थे, तो ऊपर से भारी मात्रा में पानी नीचे सीढ़ियों के जरिए मंदिर प्रांगण में बहकर आ रहा था। जलभराव और सीढ़ियों पर फिसलन के खतरे को देखते हुए सुरक्षाकर्मियों ने श्रद्धालुओं को तुरंत रोक दिया।
विशिष्ट और अत्याधुनिक तकनीक से बने इस भव्य मंदिर में बार-बार बारिश का पानी एकत्र होने को लेकर राम भक्तों में काफी चिंता और चर्चा बनी रही।
रामपथ समेत पूरे शहर में जलभराव
बारिश का असर सिर्फ मंदिर परिसर तक ही सीमित नहीं रहा, बल्कि रामनगरी के मुख्य मार्गों पर भी पानी भर गया. राम मंदिर प्रवेश द्वार के सामने मुख्य रामपथ पर भारी जलभराव हो गया, जिससे पैदल यात्रियों और वाहनों का आवागमन बुरी तरह प्रभावित हुआ।
सिविल लाइन, टेढ़ी बाजार, रीडगंज और बिड़ला धर्मशाला के आसपास सड़कों पर पानी भर गया। सीतापुर नेत्र चिकित्सालय के पास कई दुकानों और देवकाली वार्ड की रिहायशी कॉलोनियों के दर्जनों घरों में बारिश का पानी घुस गया। साहबगंज का गंदा नाला ओवरफ्लो होकर सड़कों पर बहने लगा, जिससे राहगीरों को गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ा।





