
Stock Market: शेयर बाजार की सपाट शुरुआत, निफ्टी और सेंसेक्स में मामूली बढ़त
31 जुलाई को भारतीय शेयर बाजार में हल्की बढ़त के साथ कारोबार की शुरुआत हुई. सेंसेक्स 78,000 और निफ्टी 24,300 के स्तर को पार कर हरे निशान में ट्रेड कर रहे हैं
Stock Market Today: भारतीय शेयर बाजार में हफ्ते के आखिरी कारोबारी दिन यानी शुक्रवार, 31 जुलाई को सपाट शुरुआत हुई। दोनों प्रमुख सूचकांक निफ्टी और सेंसेक्स हरे निशान पर खुले। निफ्टी 50 39.85 अंक या 0.16% बढ़कर 24,357 पर खुला, जबकि बीएसई सेंसेक्स 94.10 अंक या 0.12% बढ़कर 78,022.25 पर खुला।
IT शेयरों में भारी गिरावट
शुरुआती कारोबार में भले ही बाजार हरे निशान में रहा, लेकिन निफ्टी आईटी (Nifty IT) इंडेक्स में 3% से ज्यादा की बड़ी गिरावट देखने को मिली. दिग्गज आईटी कंपनी इन्फोसिस (Infosys) का शेयर करीब 4% तक टूट गया, जिसने पूरे आईटी सेक्टर पर दबाव बना दिया.
हालांकि, दूसरी तरफ फाइनेंशियल शेयरों में खरीदारी लौटी, जहां बजाज फाइनेंस (Bajaj Finance) सेंसेक्स का टॉप गेनर रहा और इसमें 3.5% से अधिक की शानदार तेजी दर्ज की गई.
टॉप लूजर्स एण्ड गेनर्स
शुरुआती कारोबार में बाजार को सपोर्ट डिफेंस और मैन्युफैक्चरिंग जैसे सेक्टर्स से मिल रहा था। सूचकांकों में निफ्टी इंडिया डिफेंस और निफ्टी इंडिया मैन्युफैक्चरिंग करीब एक प्रतिशत की तेजी के साथ टॉप गेनर्स थे। इसके अलावा, निफ्टी फार्मा, निफ्टी हेल्थकेयर, निफ्टी ऑटो, निफ्टी फाइनेंशियल सर्विसेज, निफ्टी मेटल, निफ्टी पीएसयू बैंक, निफ्टी इन्फ्रा, निफ्टी प्राइवेट बैंक, निफ्टी कमोडिटी और निफ्टी एनर्जी भी हरे निशान में थे।
दूसरी तरफ निफ्टी आईटी, निफ्टी एफएफसीजी, निफ्टी सर्विसेज और निफ्टी ऑयल एंड गैस लाल निशान में थे।
सेंसेक्स पैक में बजाज फाइनेंस, बजाज फिनसर्व, एमएंडएम, बीईएल, मारुति सुजुकी, एक्सिस बैंक, सन फार्मा, इंडिगो, टाटा स्टील, एसबीआई, एनटीपीसी, कोटक महिंद्रा बैंक और अल्ट्राटेक सीमेंट टॉप गेनर्स थे। टीसीएस, इन्फोसिस, एचसीएल टेक, टेक महिंद्रा, आईटीसी और एचयूएल टॉप लूजर्स थे।
मिडकैप और स्मॉलकैप
लार्जकैप के साथ मिडकैप और स्मॉलकैप हरे निशान में कारोबार कर रहे थे। निफ्टी मिडकैप 100 इंडेक्स 210 अंक या 0.34 प्रतिशत की तेजी के साथ 62,867 और निफ्टी स्मॉलकैप 100 इंडेक्स 109 अंक या 0.57 प्रतिशत की मजबूती के साथ 19,364 पर था।
बाजार के जानकारों ने कहा कि भारत एक स्थिर बाजार है और अब इसमें गिरावट का जोखिम कम है, खासकर लार्ज-कैप शेयरों में, जहां वैल्यूएशन सही है और ग्रोथ की संभावनाएं अच्छी हैं।
पिछले तीन दिनों में एफआईआई ने कुल मिलाकर 7,360 करोड़ रुपए के शेयर खरीदे हैं। हालांकि, एफआईआई की यह खरीदारी अभी कोई स्पष्ट ट्रेंड नहीं है, लेकिन इसमें बाजार को मजबूती देने की क्षमता है। अब तक जारी हुए पहली तिमाही के नतीजे कमाई में ग्रोथ की रफ्तार के फिर से बढ़ने का संकेत देते हैं।
एशियाई बाजार
ज्यादातर एशियाई बाजारों में खरीदारी का ट्रेंड देखने को मिल रहा है। टोक्यो, शंघाई, बैंकॉक, सोल और जकार्ता हरे निशान में थे। केवल हांगकांग लाल निशान में था। अमेरिकी शेयर बाजार गुरुवार को बढ़त के साथ बंद हुए, जिसमें मुख्य सूचकांक डाओ जोन्स 1.19 प्रतिशत की तेजी के साथ और टेक्नोलॉजी इंडेक्स नैस्डैक 2.78 प्रतिशत की बढ़त के साथ बंद हुआ।





