राम मंदिर चोरी मामले में आज अयोध्या पहुंचेगी नई SIT, सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में होगी गहन जांच

सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर गठित नई टीम, करेगी राम मंदिर चोरी की जांच

Ram Mandir Donation Scam: अयोध्या राम मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी के मामले की जांच के लिए सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर गठित नई विशेष जांच टीम (SIT) आज मंगलवार को अयोध्या पहुंचेगी। टीम मामले से जुड़े सभी पहलुओं की गहन जांच कर साक्ष्यों के आधार पर अपनी रिपोर्ट तैयार करेगी।

IG किरण एस करेंगे SIT की अगुवाई

नई एसआईटी का नेतृत्व लखनऊ रेंज के आईजी किरण एस कर रहे हैं। टीम में अयोध्या के डीआईजी सोमेन वर्मा, एसएसपी गौरव ग्रोवर और वित्तीय लेन-देन व अभिलेखों की जांच के लिए एक ऑडिटर को भी शामिल किया गया है। जांच के दौरान मंदिर में चढ़ावे की गणना, सुरक्षा व्यवस्था, बैंकिंग प्रक्रिया, रिकॉर्ड और अन्य दस्तावेजों की बारीकी से पड़ताल की जाएगी।

पहले हो चुकी हैं आठ गिरफ्तारियां

इस मामले में पहले गठित एसआईटी की प्रारंभिक जांच के आधार पर पुलिस अब तक आठ लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है। साथ ही राम मंदिर ट्रस्ट से जुड़े कई पदाधिकारियों के बयान भी दर्ज किए जा चुके हैं। अब नई एसआईटी इन बयानों और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर संबंधित लोगों की भूमिका तय करेगी।

वित्तीय रिकॉर्ड और बैंकिंग प्रक्रिया पर रहेगा फोकस

नई जांच टीम चढ़ावे से जुड़े वित्तीय लेन-देन, बैंक रिकॉर्ड और स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के कर्मचारियों के साथ-साथ आउटसोर्स एजेंसी के कर्मचारियों की भूमिका की भी जांच करेगी। सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में होने वाली इस जांच में आरोपियों के खिलाफ ठोस साक्ष्य जुटाने पर विशेष जोर रहेगा।

यह भी पढ़े: UP Vidhan Sabha में ऐतिहासिक शुरुआत! पहली बार हुआ ‘वंदे मातरम’ का पूर्ण गायन

दान चोरी मामले पर तेज हुई सियासत

राम मंदिर दान चोरी मामले की जांच के साथ ही राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है। समाजवादी पार्टी इस मुद्दे को संसद से लेकर उत्तर प्रदेश विधानसभा तक लगातार उठा रही है। वहीं भाजपा का आरोप है कि सपा इस मामले पर राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश कर रही है और राम भक्तों की भावनाओं का राजनीतिक इस्तेमाल कर रही है।

 

Back to top button