सेंसेक्स में 398 अंकों की बढ़त, निफ्टी सपाट; जानिए कैसी होगी कमाई की संभावना

ओपनिंग में बाजार मजबूत, मिडकैप और स्मॉलकैप में भी खरीदारी

Share Market Update: भारतीय शेयर बाजार ने बुधवार को सकारात्मक शुरुआत की। शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स करीब 398 अंक चढ़कर 78,826.56 पर पहुंच गया, जबकि निफ्टी 24,626.95 पर लगभग सपाट बढ़त के साथ कारोबार करता दिखा।

बाजार में फार्मा और प्राइवेट बैंकिंग शेयरों को छोड़कर अधिकांश सेक्टोरल इंडेक्स हरे निशान में रहे। वहीं, निफ्टी मिडकैप और स्मॉलकैप इंडेक्स में भी क्रमशः 0.4% और 0.8% की तेजी दर्ज की गई।

निफ्टी के लिए ये हैं अहम सपोर्ट और रेजिस्टेंस लेवल

मार्केट एक्सपर्ट वीरेंद्र कुमार के अनुसार, निफ्टी के लिए पहला रेजिस्टेंस 24,691-24,737 के बीच है, जबकि बड़ा रेजिस्टेंस 24,761-24,806 के दायरे में मौजूद है। दूसरी ओर पहला सपोर्ट 24,484-24,538 और मजबूत सपोर्ट 24,385-24,461 पर है। ये सभी स्तर केवल इंट्राडे ट्रेडिंग के लिए मान्य हैं और इन्हें क्लोजिंग लेवल से नहीं जोड़ना चाहिए।

FII की खरीदारी जारी, लेकिन डेरिवेटिव्स में दबाव

कैश मार्केट में विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII) की खरीदारी जारी है, लेकिन निफ्टी और बैंक निफ्टी के फ्यूचर्स में बिकवाली देखने को मिल रही है। इंडेक्स में नई शॉर्ट पोजिशन बढ़कर 1.54 लाख तक पहुंच गई है। वहीं, 24,600 और 24,800 के स्तर पर मजबूत कॉल राइटिंग दर्ज की गई है, जो बाजार में सीमित तेजी का संकेत देती है।

RBI पॉलिसी से पहले अपनाएं सतर्क रणनीति

विशेषज्ञों का मानना है कि पहले रेजिस्टेंस को पार करना फिलहाल आसान नहीं होगा। यदि निफ्टी इस स्तर के ऊपर टिकता है तो 24,783-24,806 तक स्विंग देखने को मिल सकती है। वहीं, गिरावट की स्थिति में पहले सपोर्ट जोन पर खरीदारी की रणनीति बेहतर मानी जा रही है। हालांकि, सपोर्ट टूटने पर बाजार में दबाव बढ़ सकता है और दूसरा सपोर्ट टेस्ट हो सकता है। RBI की मौद्रिक नीति के ऐलान के बाद ही स्पष्ट ट्रेंड बनने की उम्मीद है।

बैंक निफ्टी: 58,000 के ऊपर ब्रेकआउट पर नजर

बैंक निफ्टी के लिए पहला रेजिस्टेंस 58,119-58,236 और बड़ा रेजिस्टेंस 58,395-58,678 के बीच है। वहीं पहला सपोर्ट 57,558-57,708 और मजबूत सपोर्ट 57,310-57,409 पर है। विशेषज्ञों का कहना है कि कच्चे तेल की कीमतों में नरमी बैंकिंग सेक्टर के लिए सकारात्मक संकेत है। 58,000 फिलहाल बड़ा कॉल राइटिंग जोन बना हुआ है। यदि बैंक निफ्टी 58,236 के ऊपर टिकता है तो इसमें मजबूत ब्रेकआउट और आगे की तेजी देखने को मिल सकती है।

 

Back to top button