डेढ़ मिनट में 35 चप्पल… लखनऊ में छेड़खानी पर भड़की महिला, आरोपी ने हाथ जोड़कर मांगी माफी

Lucknow News: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में एक महिला द्वारा छेड़खानी का विरोध करने का मामला सामने आया है। कैसरबाग थाना क्षेत्र के लालबाग इलाके में एक महिला ने कथित तौर पर अभद्र टिप्पणी करने वाले 50 वर्षीय व्यक्ति की जमकर पिटाई कर दी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें महिला आरोपी को चप्पलों से मारती हुई नजर आ रही है।

बताया जा रहा है कि महिला ने करीब डेढ़ मिनट के अंदर आरोपी को 35 से ज्यादा चप्पल मारीं। जब व्यक्ति वहां से भागने लगा तो महिला ने उसका पीछा किया और करीब 500 मीटर तक दौड़ाकर उसकी पिटाई करती रही। इस दौरान सड़क पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।

भाई को टिफिन देने जा रही थी महिला
महिला ने बताया कि वह बुधवार दोपहर करीब 12:30 बजे अपने भाई को टिफिन देने के लिए जा रही थी। इसी दौरान लालबाग इलाके में एक व्यक्ति ने उस पर अभद्र टिप्पणी की। महिला के मुताबिक, टिप्पणी सुनकर उसे गुस्सा आ गया और उसने तुरंत आरोपी का विरोध किया।

महिला ने बताया कि उसने अपनी चप्पल उतारी और आरोपी को सबक सिखाने के लिए उसकी पिटाई कर दी। इस दौरान आरोपी भागने लगा, लेकिन महिला ने उसका पीछा नहीं छोड़ा और उसे पकड़कर दोबारा पीटा।

आरोपी ने हाथ जोड़कर मांगी माफी
घटना के दौरान आसपास मौजूद लोगों ने पूरा मामला देखा। वीडियो में आरोपी बाद में महिला के सामने हाथ जोड़कर माफी मांगता नजर आया। आरोपी ने दोबारा ऐसी गलती नहीं करने की बात कही।

महिला ने बताया कि आरोपी की माफी के बाद उसने उसे छोड़ दिया और पुलिस में शिकायत नहीं की। उसने आरोपी को चेतावनी दी कि भविष्य में वह किसी महिला के साथ इस तरह का व्यवहार न करे।

महिला बोली- गलत हरकत का तुरंत विरोध जरूरी
महिला ने अपनी पहचान सार्वजनिक करने से इनकार किया है। उसने कहा कि महिलाओं के साथ अभद्रता करने वालों का तुरंत विरोध होना चाहिए। अगर ऐसे लोगों को समय रहते रोका जाए तो वे दोबारा ऐसी हरकत करने की हिम्मत नहीं जुटा पाएंगे।

महिला ने कहा कि उसका उद्देश्य किसी को नुकसान पहुंचाना नहीं था, बल्कि गलत व्यवहार का विरोध करना था ताकि आरोपी को अपनी गलती का एहसास हो।

यह भी पढ़ें…

स्नैपचैट पर हुआ प्यार, कानपुर में मिला दर्दनाक अंत; गर्लफ्रेंड के घर युवक की मौत…

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
घटना का वीडियो सामने आने के बाद यह मामला सोशल मीडिया पर चर्चा में आ गया है। वीडियो में महिला का गुस्सा और आरोपी का माफी मांगना साफ दिखाई दे रहा है। लोग इस घटना पर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।

कुछ लोग महिला के साहस की तारीफ कर रहे हैं, जबकि कुछ लोगों का कहना है कि ऐसे मामलों में कानूनी कार्रवाई भी जरूरी है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं पर रोक लग सके।

यह भी पढ़ें…

UP Vidhan Sabha में सियासी संग्राम… तय समय से पहले समाप्त हुआ मानसून सत्र

पुलिस ने मामले की जानकारी ली
कैसरबाग थाना क्षेत्र में हुई इस घटना की जानकारी पुलिस को भी मिली है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जाएगी और यदि कोई शिकायत मिलती है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

लखनऊ पुलिस लगातार महिलाओं की सुरक्षा को लेकर अभियान चला रही है और सार्वजनिक स्थानों पर छेड़खानी या अभद्र व्यवहार करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की बात कहती रही है।

यह भी पढ़ें…

‘रोल मॉडल से ऐसी उम्मीद नहीं थी’… विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने हंगामे पर जताई नाराजगी

Back to top button