
हाईवे पर भीषण हादसा! अतीक के बेटे आबान समेत दो की मौत
झांसी जाते समय कार डिवाइडर से टकराई, तीन घायल
अलीअहमद को नैनी से झांसी किया था स्थानांतरित
झांसी। उत्तर प्रदेश जनपद झांसी के पूंछ थाना क्षेत्र स्थित हाईवे पर हुए भीषण सड़क हादसे में माफिया अतीक अहमद के बेटे आबान अहमद समेत दो लोगों की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में मोहम्मद जैद, उमर सहित तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका उपचार जारी है। जानकारी के अनुसार, कार में सवार सभी लोग प्रयागराज से झांसी जेल में बंद अली अहमद से मिलने जा रहे थे। उल्लेखनीय है कि अली अहमद को 1 अक्टूबर 2025 को नैनी सेंट्रल जेल से झांसी जेल स्थानांतरित किया गया था।पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार हादसे की वजह मानी जा रही है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।





