CM Yogi के अंबेडकरनगर दौरे से पहले बुलडोजर एक्शन, जनसभा स्थल के पास हटे अवैध निर्माण…

CM Yogi Ambedkar Nagar Visit: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के 7 अगस्त को प्रस्तावित अंबेडकरनगर दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मुख्यमंत्री जलालपुर स्थित गोविंद साहब मेला परिसर में आयोजित जनसभा को संबोधित करेंगे। इस दौरान वे विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करने के साथ-साथ सरकार की विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को सम्मानित भी करेंगे।

मुख्यमंत्री के आगमन को देखते हुए प्रशासन कोई भी चूक नहीं चाहता। इसी क्रम में कार्यक्रम स्थल और उसके आसपास सुरक्षा, यातायात और अन्य व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने का काम युद्धस्तर पर जारी है। अधिकारियों ने जनसभा स्थल का निरीक्षण किया और आवागमन में बाधा बन रहे अवैध निर्माणों पर बुलडोजर चलाकर उन्हें हटवा दिया।

अधिकारियों ने लिया तैयारियों का जायजा
मुख्यमंत्री के दौरे से पहले मंडलायुक्त राजेश कुमार और डीआईजी सोमेन बर्मा ने गोविंद साहब मेला परिसर का निरीक्षण कर तैयारियों की समीक्षा की। दोनों अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल, पार्किंग, सुरक्षा व्यवस्था, मंच निर्माण, बैरिकेडिंग और यातायात प्रबंधन का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने पाया कि परिसर में शेड के नीचे कुछ अवैध निर्माण किए गए थे, जिससे लोगों के आवागमन में दिक्कत हो सकती थी। इसके बाद प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए बुलडोजर से उन निर्माणों को हटवा दिया।

हजारों लोगों के जुटने की संभावना
प्रशासन का अनुमान है कि मुख्यमंत्री की जनसभा में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, पार्टी कार्यकर्ता और आम नागरिक शामिल होंगे। इसी को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन के विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं।

मंडलायुक्त और डीआईजी ने सभी विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध तरीके से सभी व्यवस्थाएं पूरी करें, ताकि कार्यक्रम सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।

बिजली और सुरक्षा पर विशेष फोकस
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने अधीक्षण अभियंता (विद्युत) को निर्देश दिए कि कार्यक्रम स्थल पर बिजली आपूर्ति और विद्युत सुरक्षा से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं पूरी तरह दुरुस्त रहें। साथ ही फायर सेफ्टी, मेडिकल टीम, एंबुलेंस और आपातकालीन सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए।

यह भी पढ़ें…

पानी जैसी सब्जी और गिरी हुई रोटियां… वायरल वीडियो के बाद शिक्षा विभाग का बड़ा एक्शन

प्रशासनिक अमला पूरी तरह सक्रिय
जिलाधिकारी ईशा प्रिया के नेतृत्व में जिला प्रशासन कार्यक्रम की तैयारियों में लगातार जुटा हुआ है। निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह, मुख्य विकास अधिकारी आनंद शुक्ल, एडीएम (वित्त एवं राजस्व) ज्योत्सना बंधु, एडीएम (न्यायिक) रंजीत सिंह, प्रशिक्षु आईएएस थनिगईयरसन टी सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें…

‘सत्यमेव जयते’ के नारों के बीच बृजभूषण का रोड शो, 100 गाड़ियों के काफिले से दिखाया दम…

विकास परियोजनाओं की देंगे सौगात
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपने दौरे के दौरान जिले को कई विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे। इसके अलावा विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाणपत्र और सहायता भी वितरित करेंगे। प्रशासन का कहना है कि मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सभी तैयारियां तय समय सीमा के भीतर पूरी कर ली जाएंगी।

यह भी पढ़ें…

जनता हमारे लिए सिर्फ वोट बैंक नहीं,जनार्दन है:योगी आदित्यनाथ 

Back to top button