
भारत के कई हिस्सों में भारी बारिश के आसार
मौसम विभाग ने किया अलर्ट
आंधी-तूफान और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका
दिल्ली। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने उत्तर-पश्चिम, मध्य, पूर्वी, पूर्वोत्तर, पश्चिमी और प्रायद्वीपीय क्षेत्रों में भारी बारिश का अनुमान लगाया है। आईएमडी के अनुमान के अनुसार, कई इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है, जबकि देश के कुछ हिस्सों में आंधी-तूफान, बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की आशंका है।
मौसम विभाग ने कहा है कि वे जलभराव, बाढ़ और बारिश से जुड़ी अन्य समस्याओं वाले इलाकों में सावधानी बरतें।मौसम विभाग ने कहा है कि देश के कई राज्यों में भारी बारिश के आसार हैं। दिल्ली में शुक्रवार को जमकर बादल बरसें और आज भी दिल्ली में बारिश हो सकती है। उत्तरी भारत में, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में मध्यम से लेकर भारी बारिश होने की उम्मीद है। हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में भी तेज बारिश हो सकती है।
पूर्वी उत्तर प्रदेश और पश्चिमी राजस्थान में कुछ जगहों पर भारी बारिश का अनुमान है, जबकि पूर्वी राजस्थान में कुछ जगहों पर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। पूर्वी भारत में, ओडिशा, गंगा के मैदानी इलाकों वाले पश्चिम बंगाल और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में व्यापक बारिश की उम्मीद है। ओडिशा के लिए 8 अगस्त को बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है, जबकि बिहार में भी व्यापक बारिश जारी रहने की संभावना है।





