
‘मुझे नरेंद्र नाम से नफरत…’, पाकिस्तानी बॉक्सर का किस्सा सुनकर हंस पड़े PM मोदी
कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 के सिल्वर मेडलिस्ट बॉक्सर नरेंदर बेरवाल ने पीएम मोदी से मुलाकात के दौरान पाकिस्तानी बॉक्सर से जुड़ा एक बेहद मजेदार किस्सा सुनाया, जिसे सुनकर प्रधानमंत्री हंस पड़े।
Narender Berwal PM Modi: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 7 लोक कल्याण मार्ग स्थित अपने आधिकारिक आवास पर कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 (Commonwealth Games 2026) में पदक जीतने वाले भारतीय खिलाड़ियों से मुलाकात की। इस दौरान माहौल उस वक्त खुशनुमा हो गया, जब हेवीवेट बॉक्सर और सिल्वर मेडलिस्ट नरेंदर बेरवाल (Narender Berwal) ने 2015 के वर्ल्ड मिलिट्री गेम्स का एक मजेदार किस्सा सुनाया।
भारतीय सेना के जवान और 90+ किलोग्राम भार वर्ग में देश का प्रतिनिधित्व करने वाले बॉक्सर नरेंदर बेरवाल ने एक पाकिस्तानी बॉक्सर से हुई बातचीत का ऐसा संस्मरण साझा किया, जिसे सुनकर प्रधानमंत्री मोदी और वहां मौजूद अन्य खिलाड़ी अपनी हंसी नहीं रोक सके।
मिलिट्री से आया था फोन
नरेंदर बेरवाल ने पीएम मोदी को बताया कि 2015 में साउथ कोरिया में आयोजित वर्ल्ड मिलिट्री गेम्स में उनका पहला मुकाबला पाकिस्तान के बॉक्सर के साथ था। नरेंदर ने मुस्कुराते हुए कहा, वर्ल्ड मिलिट्री गेम में पाकिस्तान से मेरी फाइट आई थी। मैच से पहले ही मिलिट्री अफसरों के फोन आ गए थे कि भाई, पाकिस्तान से हारकर नहीं आना है।
नरेंदर ने पहला राउंड 4-1 से और दूसरा राउंड 3-2 से जीतकर मैच अपने नाम कर लिया। हालांकि, बाउट के दौरान दोनों मुक्केबाजों के सिर आपस में टकरा गए, जिससे दोनों को गहरी चोट आई और टांके लगवाने के लिए अस्पताल जाना पड़ा।
पाकिस्तानी बॉक्सर ने क्या कहा?
अस्पताल में इलाज के दौरान दोनों खिलाड़ियों के बीच बातचीत हुई, जिसका किस्सा सुनाते हुए नरेंदर ने बताया। “हमारे साथ जो इंडियन आर्मी के कोच गए थे, उनका नाम नरेंद्र राणा था। अस्पताल में काफी देर सोचने के बाद पाकिस्तानी बॉक्सर ने मुझसे कहा ‘भाईजान, एक बात बोलूं?’ मैंने कहा- हां बोलो। उसने कहा ‘भाईजान, आपका नाम नरेंद्र है, आपके कोच का नाम नरेंद्र है और आपके देश के प्रधानमंत्री का नाम भी नरेंद्र है… मुझे तो अब नरेंद्र नाम से ही नफरत हो गई है!'”
पाकिस्तानी बॉक्सर के इस जवाब को सुनते ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत कमरे में मौजूद सभी एथलीट ठहाके लगाकर हंस पड़े।
ये भी पढ़े- MS Dhoni की कप्तानी में होटल रूम भी था ‘नो-गो जोन’, अजिंक्य रहाणे ने बताया अनसुना किस्सा
खूब चमक बिखेर चुके हैं नरेंदर
नरेंदर बेरवाल भारतीय मुक्केबाजी दल के एक अनुभवी और मजबूत स्तंभ हैं। वे एशियन गेम्स में कांस्य पदक जीतने के साथ-साथ दो बार एशियन चैंपियनशिप में भी पदक जीत चुके हैं।
ग्लास्गो में आयोजित कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारतीय बॉक्सिंग टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 10 पदक (7 स्वर्ण और 3 रजत) अपने नाम किए, जिसमें नरेंदर बेरवाल ने हेवीवेट कैटेगरी में सिल्वर मेडल हासिल किया।
ये भी पढ़े- IND vs SL: टीम में वापसी पर सरफराज खान का पहला रिएक्शन, पिता के साथ शेयर की फोटो





