
योगी सरकार की बड़ी पहल! DM-SP लेंगे क्लास, डॉक्टर-इंजीनियर कराएंगे JEE-NEET की तैयारी
UP News: उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बड़ा मंच देने की तैयारी में है। सरकार की नई युवा नीति के तहत मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना का दायरा बढ़ाया जाएगा। इसके जरिए प्रदेश के स्कूलों, कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में छात्रों को UPSC, UPPSC, JEE, NEET समेत विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराई जाएगी।
DM और SP भी लेंगे छात्रों की क्लास
योजना की खास बात यह है कि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराने के साथ छात्रों को प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों के अनुभव का लाभ भी मिलेगा। प्रस्तावित व्यवस्था के तहत DM, SP, IAS, IPS और IFS अधिकारी स्कूल-कॉलेजों में पहुंचकर विद्यार्थियों से संवाद करेंगे।
अधिकारी छात्रों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी, करियर विकल्प और प्रशासनिक सेवाओं से जुड़े अपने अनुभव साझा करेंगे। इससे विद्यार्थियों को परीक्षा की तैयारी के साथ-साथ करियर को लेकर बेहतर मार्गदर्शन मिलने की उम्मीद है।
डॉक्टर और IIT इंजीनियर कराएंगे JEE-NEET की तैयारी
मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के तहत अलग-अलग प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए विशेषज्ञों की मदद ली जाएगी। डॉक्टर NEET और IIT से पढ़े इंजीनियर JEE की तैयारी कराने में विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करेंगे।
इसी तरह प्रशासनिक सेवाओं में कार्यरत अधिकारी UPSC और PCS जैसी परीक्षाओं की तैयारी से जुड़े महत्वपूर्ण टिप्स और अपने अनुभव छात्रों के साथ साझा करेंगे।
ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों मोड में होगी कोचिंग
योगी सरकार की इस योजना के तहत प्रतियोगी परीक्षाओं की कोचिंग वर्चुअल और फिजिकल दोनों माध्यमों से उपलब्ध कराने की तैयारी है। इसका उद्देश्य ज्यादा से ज्यादा विद्यार्थियों तक गुणवत्तापूर्ण मार्गदर्शन पहुंचाना है।
खासकर सरकारी स्कूलों और कॉलेजों में पढ़ने वाले छात्रों को इससे लाभ मिलने की उम्मीद है। इससे ऐसे विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए अतिरिक्त संसाधन और विशेषज्ञ मार्गदर्शन मिल सकेगा।
यह भी पढ़ें…
बृजभूषण शरण सिंह बदलेंगे सियासी पाला? सपा में जाने की चर्चा पर BJP ने खोले पत्ते…
हर महीने स्कूल-कॉलेज पहुंचेंगे अधिकारी
योजना के तहत हर महीने IAS, IPS और IFS अधिकारियों के स्कूल और कॉलेजों में पहुंचकर विद्यार्थियों से संवाद करने की योजना है। अधिकारी अपने अनुभवों के जरिए छात्रों को प्रतियोगी परीक्षाओं के अलावा उच्च शिक्षा और करियर के विकल्पों की जानकारी देंगे।
इस पहल का उद्देश्य युवाओं और प्रशासनिक व्यवस्था के बीच सीधा संवाद स्थापित करना भी है।
यह भी पढ़ें…
यूपी विधानसभा है विद्यार्थियों-युवाओं की ज्ञान एवं प्रेरणा का केंद्र
Gen-Z को व्यवस्था से जोड़ने की कोशिश
योगी सरकार की इस पहल को प्रदेश के युवाओं, खासकर Gen-Z, को शासन और प्रशासन की कार्यप्रणाली से जोड़ने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है। सरकार का फोकस युवाओं को सही समय पर करियर मार्गदर्शन देने और प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए बेहतर तैयारी का अवसर उपलब्ध कराने पर है।
मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के विस्तार से यूपी के सरकारी शिक्षण संस्थानों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को UPSC, PCS, JEE और NEET जैसी परीक्षाओं की तैयारी के लिए विशेषज्ञों और अनुभवी अधिकारियों का मार्गदर्शन मिल सकेगा।
यह भी पढ़ें…





