UP News: जिस मंदिर में होती थी पूजा वहीं दफन थी 2 लाशे, खुदाई में खुला खौफनाक राज

बागपत से सनसनीखेज खबर सामने आई है, जहां 19 दिनों से लापता दो दोस्तों के शव एक गणेश मंदिर परिसर में जमीन के नीचे दफन मिले हैं।

UP News: उत्तर प्रदेश के बागपत के चांदीनगर थाना क्षेत्र के लहचौड़ा स्थित गणेश मंदिर परिसर में बुधवार देर रात दो शव जमीन में दबे मिले. ये दोनों दोस्त 25 जुलाई से लापता थे. पुलिस के पहुंचने से पहले ही महंत फरार हो गया, जबकि उसके दो शिष्यों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. जघन्य घटना के बाद से गांव में तनाव को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

25 जुलाई से लापता थे दोनों दोस्त

सिगोली तगा गांव निवासी रिड़कू का बेटा इसरार और गांव के ही मुकेश का दिव्यांग बेटा अंकित गहरे दोस्त थे। 25 जुलाई को दोनों घर से अपनी बाइक लेकर घूमने निकले थे, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटे। परिजनों ने रिश्तेदारों के साथ ही आसपास के इलाकों में उनकी काफी खोजबीन की। कहीं से कोई सुराग नहीं मिलने पर 29 जुलाई को चांदीनगर थाने में दोनों की गुमशुदगी दर्ज कराई गई। इसके बाद से ही पुलिस दोनों की तलाश में जुटी थी।

कड़ाई होते ही शिष्यों ने खोली जबान

मामले की जांच के दौरान पुलिस को मंदिर के महंत को लेकर सूचना मिली। पड़ताल आगे बढ़ी तो रटौल मार्ग पर स्थित लहचौड़ा के प्रसिद्ध गणेश मंदिर के महंत नरेश नाथ की भूमिका संदिग्ध पाई गई। पुलिस महंत से पूछताछ के लिए मंदिर पहुंची तो वह फरार था। पुलिस ने मंदिर में मौजूद उसके दो शिष्यों को हिरासत में ले लिया। कड़ाई से पूछताछ होते ही शिष्यों ने डबल मर्डर का खुलासा कर दिया।

हत्या के कारण का खुलासा जल्द

महंत के शिष्यों की निशानदेही पर पुलिस टीम, फोरेंसिक विशेषज्ञों के साथ मंदिर परिसर पहुंची। गड्ढा खुदवाकर दोनों शवों को बाहर निकाला। शव मिलने की सूचना मिलते ही दोनों युवकों के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। शवों देख मौके पर कोहराम मच गया।

पुलिस ने शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा। थाना प्रभारी राकेश कुमार ने बताया कि मुख्य आरोपी महंत की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।

ये भी पढ़े-UP में भी चलेगा बिहार जैसा चुनावी ब्रह्मास्त्र, महिलाओं को 50-50 हजार देने की तैयारी

Back to top button