Bomb Threat: स्वतंत्रता दिवस से पहले दिल्ली को दहलाने की साजिश, Mail आते ही मचा हड़कंप

दिल्ली स्थित इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट के टर्मिनल 3, हाईकोर्ट के परिसर, एमबी साकेत को बम से उड़ाने की धमकी मिली है.

Delhi Bomb Threat: स्वतंत्रता दिवस (15 अगस्त) के भव्य जश्न से ठीक एक दिन पहले राजधानी दिल्ली में हड़कंप मच गया है। दिल्ली हाई कोर्ट, इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट, लाल किला और झंडेवालान बिल्डिंग समेत शहर के 6 प्रमुख स्थानों को बम से उड़ाने की धमकी भरा ईमेल मिला है।

धमकी भरा मेल मिलते ही दिल्ली पुलिस, बम निरोधक दस्ता (Bomb Disposal Squad), डॉग स्क्वायड और फायर ब्रिगेड की टीमें हाई अलर्ट मोड पर आ गई हैं और संबंधित परिसरों में व्यापक तलाशी अभियान शुरू कर दिया गया है।

धमकी भरे ईमेल में क्या लिखा है?

जानकारी के मुताबिक, यह ईमेल दिल्ली हाई कोर्ट समेत सुरक्षा एजेंसियों को प्राप्त हुआ, जिसके विषय (Subject Line) में “BOMB Blast Delhi High Court @ 2:11PM” लिखा था। ईमेल में दिल्ली को ‘खालिस्तान’ बनाने का जिक्र किया गया है।

मेल में दावा किया गया है कि 1984 के सिख विरोधी दंगों और सिखों से जुड़े मामलों में दिल्ली हाई कोर्ट से सही न्याय नहीं मिला, इसलिए 15 अगस्त के मौके पर धमाके किए जाएंगे।

ईमेल में केवल हाईकोर्ट ही नहीं, बल्कि जिला अदालतों, लाल किले, दिल्ली एयरपोर्ट, झंडेवालान स्थित इमारतों और ट्रेनों में भी धमाके करने की चेतावनी दी गई है।

दिल्ली हाई कोर्ट में सुरक्षा कड़ी

ईमेल प्राप्त होते ही दिल्ली हाई कोर्ट प्रशासन और पुलिस तुरंत हरकत में आ गए। हाई कोर्ट परिसर में ‘मानक सुरक्षा प्रक्रिया’ (SOP) लागू कर दी गई है। हाई कोर्ट के रजिस्ट्रार जनरल लगातार दिल्ली पुलिस अधिकारियों के संपर्क में हैं। बम स्क्वॉड और स्निफर डॉग्स की मदद से पूरे कोर्ट परिसर, पार्किंग और आसपास के इलाकों की गहन जांच की जा रही है।

दिल्ली पुलिस सूत्रों के अनुसार, अब तक की जांच में कोई भी संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है। अधिकारियों का प्राथमिक अनुमान है कि यह किसी असमाजिक तत्व का फर्जी ईमेल (Hoax Threat) हो सकता है, हालांकि सुरक्षा के लिहाज से कोई ढील नहीं दी जा रही है।

15 अगस्त को लेकर दिल्ली बनी छावनी

स्वतंत्रता दिवस पर लाल किले पर होने वाले मुख्य समारोह को देखते हुए पूरी दिल्ली में पहले से ही बहुस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू है। हजारों की संख्या में पुलिस और अर्धसैनिक बलों के जवान तैनात हैं।

इस धमकी के बाद एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशनों, बस अड्डों और भीड़भाड़ वाले बाजारों में सुरक्षा जांच और ज्यादा सख्त कर दी गई है। साइबर सेल की टीम ईमेल भेजने वाले आईपी एड्रेस (IP Address) को ट्रेस करने में जुटी है।

Back to top button