विधानभवन में सीएम योगी का संबोधन: यूपी की विकास यात्रा और नए भारत के संकल्प पर जोर

स्वतंत्रता संग्राम में यूपी की भूमिका से लेकर आज के विकास मॉडल तक गिनाईं उपलब्धियां

UP CM on Independence Day: स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर विधानभवन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों को संबोधित करते हुए स्वतंत्रता संग्राम में उत्तर प्रदेश के योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के बिना देश की आजादी की लड़ाई की कहानी अधूरी रहेगी। मंगल पांडे, रानी लक्ष्मीबाई, वीरांगना अवंतीबाई, झलकारी बाई, ऊदा देवी, चंद्रशेखर आजाद और ठाकुर रोशन सिंह समेत अनेक स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान को उन्होंने नमन किया।

मुख्यमंत्री ने देश की सीमाओं की रक्षा करने वाले जवानों के साथ नागरिकों की सुरक्षा में बलिदान देने वाले पुलिसकर्मियों को भी श्रद्धांजलि दी। उन्होंने शामली में कुख्यात अपराधियों के साथ मुठभेड़ में शहीद हुए यूपी एसटीएफ के जवान सुनील कुमार को याद करते हुए कहा कि उनके सर्वोच्च बलिदान के सम्मान में कीर्तिचक्र प्रदान किया गया।

‘यूपी उपद्रव प्रदेश से उत्सव प्रदेश बना’

सीएम योगी ने कहा कि पिछले नौ वर्षों में उत्तर प्रदेश में कानून-व्यवस्था से लेकर विकास तक बड़े बदलाव हुए हैं। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश अब बीमारू राज्यों की श्रेणी में नहीं है। बजट, अर्थव्यवस्था और आय में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।

उन्होंने कहा कि एक्सप्रेसवे से एयरपोर्ट, डिजिटल इंडिया से एआई और कृषि से अत्याधुनिक तकनीक तक उत्तर प्रदेश नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है। सेमीकंडक्टर, डेटा सेंटर, रोबोटिक्स और इलेक्ट्रिक व्हीकल जैसे क्षेत्रों में निवेश और रोजगार के नए अवसर बन रहे हैं।

50 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव का दावा

मुख्यमंत्री ने बताया कि उत्तर प्रदेश को करीब 50 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव मिले हैं, जिनसे लगभग 65 लाख युवाओं के लिए रोजगार की संभावनाएं बढ़ी हैं। उन्होंने कहा कि पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के जरिए सरकारी क्षेत्र में लाखों युवाओं को रोजगार मिला है और स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए ब्याज मुक्त ऋण जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

शिक्षा और स्वास्थ्य पर जोर

सीएम योगी ने ऑपरेशन कायाकल्प के जरिए प्राथमिक विद्यालयों के सुधार और प्रदेश में ड्रॉपआउट रेट घटने का उल्लेख किया। उन्होंने शिक्षकों को राष्ट्र निर्माण का पहला योद्धा बताते हुए उनके लिए कैशलेस इलाज की सुविधा का भी जिक्र किया।

मुख्यमंत्री ने आयुष्मान भारत, आवास, शौचालय, खाद्यान्न और डीबीटी जैसी योजनाओं के जरिए आम लोगों को मिले लाभों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि डिजिटल सेवाओं के विस्तार के लिए हजारों ग्राम पंचायतों को सचिवालयों से जोड़ा गया है।

महिला सुरक्षा और सशक्तिकरण पर फोकस

मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले नौ वर्षों में नारी शक्ति के सम्मान और सुरक्षा के लिए कई कदम उठाए गए हैं। प्रदेश के थानों में मिशन शक्ति केंद्र, सेफ सिटी परियोजनाएं और महिलाओं की बढ़ती भागीदारी इसका हिस्सा हैं।

उन्होंने कहा कि आज प्रदेश की बेटियां अकेले स्कूल जा सकती हैं, बाजार जा सकती हैं और अपने सपनों को पूरा कर सकती हैं। वीसी सखी, लखपति दीदी और ड्रोन दीदी जैसी पहल महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बना रही हैं।

किसानों की आय और सुविधाओं का जिक्र

सीएम योगी ने कहा कि किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने, गन्ने का समय पर भुगतान कराने और किसानों को बाजार से जोड़ने पर सरकार का जोर है। उन्होंने किसानों को मुफ्त बिजली कनेक्शन और पीएम किसान सम्मान निधि सहित विभिन्न योजनाओं का भी उल्लेख किया।

युवाओं के लिए नई यूथ पॉलिसी का ऐलान

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार युवाओं के लिए नई यूथ पॉलिसी लेकर आ रही है। इसका उद्देश्य युवाओं की क्षमता का सही इस्तेमाल करते हुए उन्हें स्किल, रोजगार और स्वरोजगार से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि हर युवा के हाथ में कौशल और रोजगार उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।

उन्होंने यह भी कहा कि एआई, डेटा सेंटर, साइबर तकनीक और इलेक्ट्रिक व्हीकल जैसे उभरते क्षेत्रों को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है, ताकि नई पीढ़ी के लिए रोजगार के नए द्वार खुल सकें।

विरासत और आधुनिकता के साथ आगे बढ़ेगा यूपी

सीएम योगी ने कहा कि सरकार ऐसा उत्तर प्रदेश बनाने के लिए काम कर रही है, जहां विरासत के साथ तकनीक, संस्कृति के साथ गौरव और विकास के साथ नई ऊंचाइयां हों। धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत को पर्यटन से जोड़ने पर भी जोर दिया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में 25 करोड़ की आबादी वाला उत्तर प्रदेश महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने प्रदेशवासियों से एकजुट होकर विकसित भारत के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।

Back to top button