
वाराणसी एयरपोर्ट पर यात्री के लाइसेंसी हथियार से चली गोली, दो कर्मचारी घायल
सुरक्षा जांच के दौरान मैगजीन निकालते समय दबा ट्रिगर, महिला कर्मचारी के पैर में लगी गोली; एक अन्य स्टाफ भी घायल
UP NEWS: वाराणसी: लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के टर्मिनल भवन में रविवार सुबह सुरक्षा जांच के दौरान एक यात्री की लाइसेंसी पिस्टल से अचानक गोली चल गई। हादसे में एयरपोर्ट के दो कर्मचारी घायल हो गए। महिला कर्मचारी के पैर में गोली लगी, जबकि एक अन्य कर्मचारी के हाथ को छूते हुए गोली निकल गई। दोनों घायलों को उपचार के लिए कबीरचौरा मंडलीय अस्पताल भेजा गया है।
मैगजीन निकालते समय चली गोली
आजमगढ़ निवासी 55 वर्षीय कमलेश राय एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट से मुंबई जाने के लिए सुबह करीब पौने दस बजे एयरपोर्ट पहुंचे थे। उनके पास लाइसेंसी पिस्टल थी। एयरपोर्ट की निर्धारित प्रक्रिया के तहत हथियार को सील कर पायलट केबिन में रखा जाना था।
सुरक्षा प्रक्रिया के तहत पिस्टल की मैगजीन को हथियार से अलग किया जा रहा था। इसी दौरान यात्री द्वारा मैगजीन निकालते समय ट्रिगर दब गया और गोली चल गई।
दो स्क्रीनर कर्मचारी हुए घायल
गोली चलने से सुरक्षा जांच में तैनात दो कर्मचारी घायल हुए। घायलों की पहचान सुमन कुमारी पुत्री नरेश, निवासी मानपुर, थाना बुनियादगंज, जिला गया, बिहार और रोहित पुत्र किशोरी प्रसाद, निवासी अंबेर, रोहिणी रोड, थाना बिहारशरीफ, जिला नालंदा, बिहार के रूप में हुई है।
महिला कर्मचारी सुमन कुमारी के पैर में गोली लगी, जबकि रोहित के हाथ को गोली छूती हुई निकल गई।
सुरक्षा एजेंसियों ने यात्री को हिरासत में लिया
घटना के बाद एयरपोर्ट पर मौजूद सुरक्षा एजेंसियों ने यात्री कमलेश राय को हिरासत में ले लिया और उनसे पूछताछ शुरू कर दी। मामले में घटना के कारणों और सुरक्षा प्रक्रिया के दौरान हुई चूक की जांच की जा रही है।
एयरपोर्ट पर मचा हड़कंप
टर्मिनल भवन में गोली चलने की आवाज से कुछ समय के लिए हड़कंप की स्थिति बन गई। सुरक्षा एजेंसियों ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए घटना की जांच शुरू कर दी।





