
आजादी के पर्व पर गाजीपुर विद्यालय में उमड़ा उत्साह, मेधावी विद्यार्थी सम्मानित
Lucknow: पूर्व माध्यमिक विद्यालय गाजीपुर में 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास, उत्साह और देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम का आयोजन विद्यालय प्रशासन एवं इंसानियत व पर्यावरण संरक्षण फाउंडेशन (IPSF) के संयुक्त तत्वावधान में किया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में देशप्रेम, नागरिक दायित्व और राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना विकसित करना तथा स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान से नई पीढ़ी को परिचित कराना रहा। इस अवसर पर स्वतंत्रता, समानता, बंधुत्व एवं धर्मनिरपेक्षता जैसे लोकतांत्रिक मूल्यों तथा ‘अनेकता में एकता’ की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया गया।
प्रभात फेरी से गूंजा क्षेत्र
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर विद्यालय के विद्यार्थियों ने आसपास के क्षेत्रों में प्रभात फेरी निकाली। बच्चों ने देशभक्ति के गीत गाए और जोशीले नारे लगाकर वातावरण को राष्ट्रभक्ति से सराबोर कर दिया। IPSF की ओर से विद्यार्थियों को तिरंगे, बैज, कैप एवं पठन सामग्री वितरित की गई।
इसके बाद IPSF के संरक्षक प्रोफेसर डॉ. नफासत अली अंसारी ने ध्वजारोहण किया। उपस्थित लोगों ने सामूहिक रूप से राष्ट्रगान एवं राष्ट्रीय गीत का गायन किया।
निबंध प्रतियोगिता के विजेता सम्मानित
13 अगस्त 2026 को IPSF की ओर से कक्षा 6, 7 और 8 के विद्यार्थियों के लिए क्रमशः सरदार वल्लभभाई पटेल, डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम और सुभाष चंद्र बोस के जीवन पर निबंध प्रतियोगिता आयोजित की गई थी। स्वतंत्रता दिवस समारोह में सभी प्रतिभागियों को लेखन सामग्री देकर सम्मानित किया गया तथा विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए गए।
कक्षा 6 में लक्ष्मी मौर्य ने प्रथम, कल्पना ने द्वितीय और आकांक्षा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। कक्षा 7 में मालवीय यादव प्रथम, रागिनी गौतम द्वितीय और रागिनी वर्मा तृतीय रहीं। कक्षा 8 में स्नेहलता मिश्रा प्रथम, नागेश राजपूत द्वितीय और खुशी प्रजापति तृतीय रहीं।
इसके अतिरिक्त स्वतंत्रता दिवस के महत्व एवं उद्देश्यों पर आधारित मौखिक प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता भी आयोजित की गई। सही उत्तर देने वाले पांच विद्यार्थियों को मेडल पहनाकर सम्मानित किया गया।
पौधरोपण का लिया संकल्प
IPSF के अध्यक्ष श्री मो. यूसुफ ने संस्था के कार्यों एवं उद्देश्यों की जानकारी विद्यार्थियों और शिक्षकों को दी। पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए सभी प्रतिभागियों को कम से कम एक पौधा लगाने और उसकी देखभाल करने का संकल्प दिलाया गया।
प्रधानाध्यापक ने जताया आभार
कार्यक्रम के समापन पर विद्यालय के प्रधानाध्यापक एस. के. पाल ने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी लोगों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने IPSF के विशेष सहयोग की सराहना करते हुए संस्था के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की। अंत में विद्यार्थियों के बीच मिठाई का वितरण किया गया।
समारोह ने विद्यार्थियों में देशप्रेम, सामाजिक जिम्मेदारी और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।





