राष्ट्रपति ने मंजूर की छुट्टी, राज्यपाल आनंदीबेन गईं गुजरात

Lucknow News: उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल अवकाश पर अपने गृह राज्य गुजरात चली गई हैं। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से औपचारिक अनुमति मिलने के बाद वे इस लंबी छुट्टी पर गई हैं। अपने पूरे कार्यकाल में यह पहला अवसर है जब राज्यपाल ने इतने दिनों का लंबा अवकाश लिया है। वह 27 अगस्त को वापस लखनऊ लौटकर अपना कार्यभार संभालेंगी।

 राज्यपाल ने इसलिए लिया अवकाश

राजभवन और आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, राज्यपाल आनंदीबेन पटेल अपने गृह राज्य गुजरात में कुछ पारिवारिक व निजी कार्यक्रमों में शामिल होने के लिए गई हैं। हाल के दिनों में उत्तर प्रदेश के विभिन्न विश्वविद्यालयों के दीक्षांत समारोहों और कई शैक्षणिक व सामाजिक कार्यक्रमों में उनकी व्यस्तता काफी अधिक रही थी। इसके बाद उन्होंने राष्ट्रपति भवन से अवकाश स्वीकृत कराकर गुजरात जाने का फैसला किया।

राज्यपाल ने पहली बार ली लंबी छुट्टी

उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने उत्तर प्रदेश के राजभवन का प्रभार संभालने के बाद से लगातार प्रशासनिक और सामाजिक कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाई है। सूत्रों का कहना है कि इतने लंबे समय के लिए उनका पहली बार छुट्टी पर जाना चर्चा का विषय जरूर बना, लेकिन यह पूरी तरह से उनके व्यक्तिगत व पारिवारिक कार्यक्रमों से जुड़ा है।

Back to top button